CM Rekha Gupta: यमुना किनारे बनेगा 53 किमी लंबा साइकिल कॉरिडोर, जानें कितना लगेगा समय?

Cycle Corridor on Yamuna River Bank
X

यमुना नदी तट पर बनेगा साइकिल कॉरिडोर।

CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना किनारे 53 किलोमीटर साइकिल कॉरिडोर बनाने का फैसला लिया है। इसको 3 साल के अंदर शुरू करने की तैयारी है।

CM Rekha Gupta: दिल्ली सरकार ने दिल्ली में यमुना नदी के दोनों किनारों पर 53 किलोमीटर लंबा साइकिल कॉरिडोर बनाने का फैसला लिया है। इसका निर्माण तीन सालों में तीन चरणों में किया जाएगा। साइकिल ट्रैक पर काम शुरू करने के लिए आखिरी तैयारी चल रही है। इसका काम शुरू करने के लिए केवल रेलवे से मंजूरी मिलना बाकी है।

जानकारी के अनुसार, इसे व्यवस्थित ढंग से तीन चरणों में बनाया जाएगा। इस साइकिल कॉरिडोर का निर्माण वजीराबाद से कुतुब मीनार तक लगभग 18 किलोमीटर के बीच किया जाएगा। दूसरे चरण में इसे 10 किलोमीटर आगे बढ़ाकर 28 किलोमीटर किए जाने की योजना है। इसके बाद तीसरे चरण में इसे पूरे 53 किलोमीटर तक बढ़ाया जाएगा। इसको लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने भी पोस्ट शेयर कर जानकारी दी है।

सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए एक अखबार की क्लिप शेयर की है। साथ ही लिखा, 'यमुना किनारे 53 किमी लंबा नया साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा। वजीराबाद यमुना बैराज से एनएच–24 होते हुए कालिंदी कुंज बायोडायवर्सिटी पार्क तक यह पूरा कॉरिडोर तीन चरणों में विकसित किया जाएगा। इस साइकिल ट्रैक को अगले तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

इसके साइकिल कॉरिडोर के बन जाने से दिल्ली को ग्रीन मोबिलिटी का नया रास्ता मिलेगा, प्रदूषण में कमी आएगी और नागरिकों को एक सुरक्षित व आधुनिक साइकिलिंग सुविधा उपलब्ध होगी। यह परियोजना यमुना किनारे की हरित पट्टी को संरक्षित करेगी, पर्यावरण को मजबूत बनाएगी, स्वास्थ्य को प्रोत्साहन देगी और साथ ही इको-टूरिज्म को भी एक नई दिशा देगी।'

इससे पहले दिल्ली विकास प्राधिकरण और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस परियोजना की समीक्षा बैठक की जा चुकी है। बैठक में बताया गया था कि साइकिल कॉरिडोर के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सकता है। लोक निर्माण विभाग, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग जैसे विभागों की तरफ से मंजूरी दी जा चुकी है। हालांकि पुराने यमुना रेल पुल के पास ट्रैक बनाने के लिए रेलवे से एनओसी अब तक नहीं मिल सकी। इसके लिए प्रक्रिया चालू है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story