Punjab Flood: पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई दिल्ली सरकार, 5 करोड़ की देगी राहत

सीएम रेखा गुप्ता ने बाढ़ के हालातों पर की समीक्षा बैठक
Punjab Flood: पंजाब में बाढ़ के कारण हालात इस कहर बदतर हैं कि अब तक बारिश और बाढ़ के कारण के कारण लगभग 45 लोगों की मौत हो गई है। वहीं हजारों मवेशियों की मौत हो गई है। लोगों का सामान, जानवर तक बाढ़ के पानी में बह गए हैं। किसानों की फसलें पूरी तरह से तबाह हो चुकी हैं। सैकड़ों गांव पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं। पूरा देश पंजाब के लिए मदद और दुआएं कर रहा है।
इसी बीच दिल्ली सरकार ने भी पंजाब की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। सीएम रेखा गुप्ता पंजाब रिलीफ फंड में 5 करोड़ रुपये सहायता राशि के तौर पर जमा कराने का फैसला लिया है। ये फैसला दिल्ली सरकार की कैबिनेट बैठक में लिया गया। इस बैठक के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि वे दिल्ली सरकार की तरफ से पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये की सहायता देंगी। इसके अलावा दिल्ली से बड़ी मात्रा में राहत सामग्री पंजाब भेजी जाएगी। इस राहत सामग्री में आटा, चावल, दाल और जरूरी दवाइयां शामिल होंगी।
उन्होंने कहा, 'हमारे पड़ोसी राज्य पंजाब में बाढ़ के कारण परिस्थितियां खराब हो गई हैं। मैं उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। भगवान उन्हें इस आपदा से जल्द राहत दे। हम दिल्ली सरकार की तरफ से पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा करते हैं। इस दुख की घड़ी में दिल्ली सरकार उनके साथ खड़ी है।'
इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता के साथ सांसद कमलजीत सहरावत भी मौजूद थीं। इस दौरान सवाल उठाया गया कि पंजाब में 5 करोड़ की मदद क्या दिल्ली सरकार के राहतकोष से की जाएगी। इस पर कमलजीत सहरावत ने कहा कि ये मदद दिल्ली सरकार के बजट से नहीं होगी। दिल्ली सरकार के मंत्री और दिल्ली बीजेपी ये अपनी तरफ से मानवता के आधार पर करेगी।
वहीं दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने राज्य और उत्तर भारत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा और मानवीय सहायता देने के लिए काम सुरू कर दिया है। दिल्ली एम्स की तरफ से डॉक्टरों और नर्सों की एक टीम पंजाब भेजी गई है। इस टीम में मेडिसिन, बाल चिकित्सा, मनोरोग, रेडियोडायग्नोसिस और प्रयोगशाला चिकित्सा, सामुदायिक चिकित्सा और सर्जिकल अनुशासन के विशेषज्ञ शामिल हैं।
