Chhath Puja 2025: दिल्ली में 1000 से ज्यादा घाटों पर होगा छठ पूजा का आयोजन, कितनी हुई तैयारी?

दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने छठ पूजा की तैयारियों की जानकारी दी।
Chhath Puja 2025: राजधानी दिल्ली में दिवाली के बाद अब छठ पूजा की तैयारी की जा रही है। दिल्ली सरकार छठ पूजा के भव्य आयोजन की तैयारियों में जुट गई है। दिल्ली के कला, संस्कृति और भाषा विभाग के मंत्री कपिल मिश्रा ने मंगलवार को छठ पूजा की तैयारियों को लेकर पूर्वांचल मोर्चा के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।
कपिल मिश्रा ने बताया कि इस बार राजधानी में 1,000 से ज्यादा स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई सालों के बाद यमुना घाटों पर छठ पूजा का विशेष आयोजन होगा, जिसको लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। जानिए सरकार की तैयारियां...
सिंगल विंडो सिस्टम होगा लागू
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि पूजा की अनुमति लेने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम लागू किया जाएगा। इससे पहले कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा और रामलीला आयोजनों में भी यह सिस्टम लागू किया गया था, जो सफल रहा। कपिल मिश्रा ने छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बताया कि सभी नगर निगम जोन में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जो व्यवस्थाओं का समन्वय और निगरानी करेंगे। इसके साथ ही एमसीडी को घाटों की नियमित सफाई के लिए कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि सभी प्रमुख स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट वैन, एंबुलेंस, आग से सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड की और पीने के पानी की व्यवस्था की जाएगी। मंत्री ने बताया कि सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग को घाटों पर सुरक्षा और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, फायर सर्विस, एनडीएमसी और एमसीडी सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए सुबह के अर्घ्य के बाद नाश्ते और पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी।
इन जगहों पर दिखेंगे मॉडल घाट
दिल्ली सरकार ने इस साल छठ पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। इस बार कुछ यमुना घाटों के अलावा द्वारका, हाथी घाट, पीतमपुरा और सोनिया विहार में चार स्थानों पर विशेष रूप से बड़े आयोजन किए जाएंगे। यमुना के घाटों पर सजावटी द्वार, छठी मैय्या और सूर्य देव की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा कुछ प्रमुख स्थानों को 'आदर्श छठ घाट' के रूप में भी विकसित किया जाएगा, जहां आदर्श व्यवस्थाएं और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के भोजपुरी भाषी लोगों की लोक-परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए विभाग ने 200 से ज्यादा स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना बनाई है।
कब मनाई जाएगी छठ पूजा?
इस साल 25 से 28 अक्टूबर के बीच छठ पूजा का पावन पर्व मनाया जाएगा। इस पर्व को राजधानी दिल्ली में धूमधाम से मनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए पार्कों और अन्य स्थानों पर कृत्रिम घाट बनाए जा रहे हैं। एमसीडी के मेयर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि छठ पर्व के लिए निगम भी तैयारियों में जुट गया है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
