बड़ा फैसला: छठ पूजा करने वालों पर दर्ज केस वापस लिए जाएंगे, सीएम रेखा गुप्ता का ऐलान

सीएम रेखा गुप्ता ने छठ पूजा करने वालों के खिलाफ मुकदमे वापस लेने का किया ऐलान।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साल 2021 में यमुना नदी में छठ पूजा करने गए लोगों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस लेने की घोषणा की है। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि छठ पूजा की मांग को लेकर दिल्ली के बहुत से लोगों पर केजरीवाल सरकार ने मुकदमे दर्ज कराए थे। आज मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया है कि ऐसे सभी मुकदमों को दिल्ली सरकार वापस लेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं छठ घाटों पर जा रही हैं, इस बार की छठ पूजा ऐतिहासिक होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय को बताया कि पल्ला से लेकर कालिंदी तक कुल 17 पॉइंट हैं, जहां यमुना नदी पर मॉडल छठ घाट बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा शहर में 1000 से अधिक छठ पर्व मनाया जाएगा। सरकार की ओर से इसकी सारी व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दिल्ली के हर जिले में कम से कम एक मॉडल छठ घाट अवश्य बनाया जाएगा। यही नहीं, श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जाएगी। इसके अलावा 200 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों के तहत श्रद्धालु स्वच्छ जल में अर्घ्य देंगे।
एनओसी की प्रक्रिया को सरल किया
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि छठ घाट बनाने के लिए आवेदन आ रहे हैं। इन घाटों की तैयारियों के लिए आवश्यक अनुमति और एनओसी की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम लागू कर दिया गया है। सभी व्यवस्थाओं के समन्वय और निगरानी के लिए प्रत्येग नगर निगम जोन में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
दिल्ली नगर निगम को भी निर्देश दिए गए हैं कि घाटों पर नियमित रूप से सफाई कार्य जारी रहे। इसके अलावा भी सुरक्षा से लेकर तमाम व्यवस्थाओं तक के लिए दिशा निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद, विधायक और सांसद भी तैयारियों की समीक्षा करते रहेंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
