CM Rekha Gupta: बीजेपी कार्यकर्ता ने कार्यक्रम में किया हंगामा, वीडियो जारी कर मांगी माफी, बताई वजह

सीएम रेखा के कार्यक्रम में हंगामा।
CM Rekha Gupta: आज सीएम रेखा गुप्ता गांधीनगर इलाके में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उनके साथ सांसद हर्ष मल्होत्रा और विधायक अरविंदर सिंह लवली मौजूद थे। इस कार्यक्रम में जब विधायक अरविंदर सिंह लवली जनता को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान 60 वर्षीय प्रवीण शर्मा, जो शाहदरा भाजयुमो का पूर्व जिला अध्यक्ष है और वर्तमान समय में केबल टीवी का बिजनेस करता है। उसने विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
अब प्रवीण शर्मा ने वीडियो जारी की है। इस वीडियो में उसने कहा कि उसे मंच पर नहीं बुलाया गया था, जिसके कारण वो नाराज था। इसके लिए उसने माफी भी मांगी है। वीडियो में शख्स ने बताया कि उसका नाम प्रवीण शर्मा है और वो भारतीय जनता युवा मोर्चा शहादरा जिला पूर्व जिला अध्यक्ष है। आज सीएम रेखा गुप्ता जनसभा के लिए गंधीनगर आई थीं। उस कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ता भी गए हुए थे। पूर्व जिलाध्यक्ष होने के नाते उसे कार्यक्रम में मंच पर नहीं बुलाया गया। इस बात को लेकर वो नाराज था। गुस्से में मैंने वहां पर कुछ बोल दिया। हमारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और विधायक अरविंदर सिंह लवली बहुत अच्छे हैं। ये लोग क्षेत्र के विकास का काम देखते हैं। इसके अलावा उसने वहां पर जो कुछ कहा, उसके लिए खेद व्यक्त किया।
बता दें कि दोपहर के समय सीएम रेखा गुप्ता जब अपना संबोधन खत्म कर चुकी थीं। इसके बाद वहां पर विधायक अरविंदर सिंह लवली जनता को संबोधित करने के लिए खड़े हुए। इस दौरान प्रवीण शर्मा ने अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ नारेबाजी की। इस घटना के बाद पुलिस ने प्रवीण शर्मा और एक अन्य संदिग्ध को पकड़ा। हालांकि बाद में दोनों को छोड़ दिया गया।
इस बारे में पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) प्रशांत गौतम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जब अरविंदर सिंह लवली जनता को संबोधित कर रहे थे, उस दौरान प्रवीण शर्मा ने गांधी नगर के विधायक अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ नारेबाजी की। ऐसा करते समय वो सुरक्षा बैरिकेड्स के पीछे एक गली में खड़े थे। उन्हें तुरंत कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि वीआईपी की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है।
