Rohingyas in Delhi: कॉलेज की जमीन पर बनी हुई रोहिंग्या बस्ती और मजार, बीजेपी सांसद ने बताया खतरा

दिल्ली में अवैध रोहिंग्या।
Rohingyas in Delhi: उत्तर-पश्चिम दिल्ली से सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने नरेला के विधायक राजकरन खत्री के साथ दिल्ली के सिंधू बॉर्डर, नरेला रोड सिंधू गांव का दौरा किया। यहां पर एक कॉलेज का निर्माण होना प्रस्तावित है। सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने दावा किया कि उन्होंने दौरे के दौरान देखा कि जहां पर कॉलेज बनना था, वहां पर अवैध रोहिंग्याओं ने अतिक्रमण कर लिया है। इतना ही नहीं उन्होंने वहां पर अनाधिकृत मजार भी बना ली है।
उन्होंने दौरे के दौरान क्षेत्र में कई नील गायों और बंदरों को घूमते देखा। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यहां अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या नील गायों और दूसरे जानवरों को काट कर खा रहे हैं। इन रोहिंग्याओं के रहने से स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को खतरा पैदा हुआ है। साथ ही निवासियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं।
योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि उन्हें ये जानकर हैरानी हुई कि यहां रह रहे रोहिंग्या अवैध बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही पानी के लिए अवैध बोरवेल भी लगाए हैं। स्थानीय निवासियों ने सांसद से अवैध रोहिंग्याओं के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि अवैध रूप से बसे रोहिंग्याओं को इलाके से तुरंत हटाना चाहिए। अवैध मजार को तुरंत ध्वस्त करना चाहिए। अनधिकृत अवैध बोरवेल और बिजली कनेक्शन को काटना चाहिए।
इस बारे में सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने जोर देकर कहा कि अवैध रोहिंग्याओं की मौजूदगी स्थानीय निवासियों के लिए एक बड़ा खतरा है। साथ ही उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों से इस समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई करने की अपील की है।
बता दें कि दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को पकड़ने के लिए जगह-जगह पर कार्रवाई की जा रही है। दिल्ली पुलिस अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को पकड़कर उन्हें डिपोर्ट कर रही है। ऐसे में अब अवैध रूप से रह रहे इन लोगों की जांच की जाएगी। अगर ये लोग रोहिंग्या हैं, तो पुलिस इन्हें डिपोर्ट करने की कार्रवाई करेगी।
