Delhi Politics: केजरीवाल -आतिशी पर भड़के वीरेंद्र सचदेवा, बोले- 'पंजाब और दिल्ली में लोग परेशान हैं और ये...'

वीरेंद्र सचदेवा, आतिशी और अरविंद केजरीवाल।
Delhi Politics: दिल्ली और पंजाब में बाढ़ के कारण लोगों का हाल-बेहाल है। वहीं दिल्ली में बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच जुबानी जंग जारी है। दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी की नेता और पूर्व सीएम आतिशी के बयानों की आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि जब पंजाब के लोग बाढ़ के कारण तकलीफ में हैं और बेघर हो गए हैं। ऐसे समय में जनता की मदद करने की बजाय आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और आतिशी पोस्ट और बयानबाजी के जरिए गंदी राजनीति कर रहे हैं। ये लोग जिस तरह की गंदी राजनीति कर रहे हैं, इसे देख पंजाब और दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरा देश स्तब्ध है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्ण सीएम अरविंद केजरीवाल बाढ़ में फंसे लोगों को छोड़कर गुजरात में राजनीतिक प्रोपेगेंडा करने में मस्त हैं। इससे साफ है कि उनकी नैतिकता मर चुकी है। केजरीवाल की ही तरह नेता प्रतिपक्ष आतिशी भी जनता की राहत के लिए मदद करने की जगह केवल बयानबाजी कर रही हैं। दिल्ली की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
उन्होंने आम आदमी पार्टी के विधायकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो इलाके बाढ़ प्रभावित हैं। उनमें अधिकतर बुराड़ी, चांदनी चौक और ओखला विधानसभा के इलाके हैं। इन तीनों इलाकों से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। हालांकि ये अलग बात है कि तीनों ही विधायक अपने क्षेत्र में राहत संयोजित करते नजर आए।
बता दें कि हाल ही में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में यमुना तटीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। लोगों ने उन्हें अपनी समस्याएं भी बताईं। वहीं अरविंद केजरीवाल से पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था। बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों से वादा किया कि वे उनकी मदद करेंगी।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
