Delhi News: पुणे से दिल्ली आ रही फ्लाइट से टकराया पक्षी, टला बड़ा हादसा

अकासा एयरलाइंस।
Delhi News: बाल-बाल बचे वाली कहावत तो आपने सुनी होगी। ये कहावत पूरी तरह से शनिवार को हुई एक घटना पर सटीक बैठती है। शुक्रवार को पुणे से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट अचानक 'बर्ड हिट' की चपेट में आ गया। वहीं राहत की बात यह है कि विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिग की। किसी भी प्रकार की कोई हानि नहीं हुई है। बता दें कि सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अकसा एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि अकसा एयर विमान की फ्लाइट QP 1607 10 अक्टूबर को पुणे से दिल्ली जा रही थी। इस दौरान 'बर्ड हिट' की घटना हुई थी। एक बयान में कहा गया कि विमान सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। कहा जा रहा है कि इस विमान में यात्रा करने वाले किसी भी यात्री को कोई असुविधा नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार ये घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। 'बोइंग विमान-737 मैक्स' दिल्ली पहुंचा। वहीं दूसरी तरफ एयरलाइन ने विमान में सवार यात्रियों की संख्या का कोई सटीक खुलासा नहीं किया। बोइंग कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि विमान को जांच के लिए इंजीनियरों के पास भेज दिया गया है, क्योंकि विमान की तकनीकी रूप से जांच की जाएगी। इसके बाद ही उसे दोबारा सेवा में लाया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो इस विमान को लैंडिंग के बाद दिल्ली से गोवा के लिए इस्तेमाल किया जाना था। परंतु सुरक्षा के लिहाज से इसे कुछ घंटों के लिए रोक दिया गया। वहीं इस विमान की जगह इस रूट के लिए किसी दूसरे विमान का प्रयोग किया गया।
बताया जा रहा है कि जब फ्लाइट अपने समय पर दिल्ली पहुंची, तो लैंडिंग करते समय पक्षी प्लेन से टकरा गया था। इसके बाद पायलट ने पूरी सतर्कता के साथ फ्लाइट को लैंड कराया। वहीं ऐसा माना जाता है कि पक्षी के विमान से टकराने की घटना अक्सर या तो टेकऑफ या फिर लैंडिंग के समय घटती हैं। इसका कारण यह है कि इस दौरान विमान अक्सर कम ऊंचाई पर उड़ रहा होता है और पक्षी भी लगभग उसी ऊंचाई पर होते हैं।
