Breakfast Options: शरीर में दौड़ेगा करंट, आंखों से आएगा पानी... यहां लें चटपटे और तीखे नाश्ते का आनंद

breakfast options delhi
X

ब्रेकफास्ट ऑप्शन (प्रतीकात्मक तस्वीर) 

सुबह का नाश्ता हैवी होना चाहिए ताकि शरीर पूरी एनर्जी के साथ काम कर सके। अगर आप भी हैवी नाश्ता करने के शौकीन हैं, यह खबर आपके काम की साबित हो सकती है।

अगर सुबह मजेदार नाश्ता मिल जाए तो क्या बात है? विशेषकर छुट्टी के दिन हम सभी सुबह चटपटा तीखा नाश्ता करना चाहते हैं। कई लोग छोले भटूरों को तरजीह देते हैं, तो कुछ तीखी आलू वाली सब्जी के साथ कचौड़ी खाना पसंद करते हैं। इन सबके बीच अगर बेडमी पूरी का जिक्र न करे तो तीखे नाश्ते की सूची अधूरी रह जाएगी। आज हम दिल्ली की ऐसी दुकानों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अपनी बेड़मी पुरी के लिए खासी प्रसिद्ध हैं। नीचे देखिये पूरी सूची...

श्याम स्वीट्स की बेड़मी पुरी

चावड़ी बाजार की श्याम स्वीट्स 1910 से यानी आजादी के पहले से लोगों को बेड़मी पुरी परोस रही है। यह दुकान पांचवी पीढ़ी चला रही है, लेकिन स्वाद में बिल्कुल भी बदलाव नहीं आया है। उड़द दाल का पेस्ट, हल्की मसालेदार आलू करी, हल्के पके छोले का साथ, बेड़मी पुरी का स्वाद बढ़ा देता है। रही सही कसर खट्टी मिट्ठी चटनी पूरा कर देती है।


अगर आप भाग्यशाली हैं, तो आपको आलू की सब्जी के साथ कद्दू की सब्जी भी मिल जाएगी। दोपहर 2 बजे तक बेड़मी पुरी के बाद कचौड़ियां चलती हैं। चूंकि गर्मी का मौसम है, अगर आप झागदार लस्सी के साथ बेडमी पुरी का स्वाद लेंगे तो दोगुना स्वाद आएगा।

राम प्रसाद माखन लाल की बेड़मी पुरी

पुरानी दिल्ली में भी बेड़मी पुरी की कई दुकानें हैं, लेकिन राम प्रसाद माखनलाल की बेड़मी पुरी के स्वाद के आगे फीकी लगती है। यह दुकान भी आजादी के पहले से यानी 1940 से चली आ रही है। यहां की बेड़मी पुरी के साथ ही नागौरी हलवा भी खासा फेमस है।


यहां के ऑनर ने बताया कि बेड़मी पुरी बनाने के लिए मोटा आटा पिसवाया जाता है। इसके बाद मोटी पट्ठी बनवाकर घी में अच्छे से तला जाता है। इसके बाद आलू और छोले की सब्जी, साथ में तीखी चटनी के साथ परोसा जाता है। उन्होंने बताया कि बेड़मी पुरी के साथ नागौरी हलवा या गुलाब जामुन का कॉम्बिनेशन लोगों को पसंद आता है।

ईस्ट दिल्ली में बेड़मी पुरी की फेमस दुकान

अगर आप ईस्ट दिल्ली में और बेड़मी पुरी की फेमस दुकान की सर्च कर रहे हैं, तो आपको एक बार न्यू दिल्ली दरबार अवश्य आना चाहिए। यहां की बेड़मी पुरी का स्वाद लेने के लिए दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से लोग पहुंचते हैं। यह जगह फूड यूट्यूबर्स की भी पसंद जगह है।


यहां आपको 50 रुपये में 4 बेड़मी पुरी, आलू की सब्जी, मिर्च का आचार मिलेगा। इस दुकान के सामने सुबह से लोगों की कतारें लगने लगती हैं। यह दुकान कृष्ण नगर में स्थित है। बेड़मी पुरी के अलावा आप यहां गर्मागम गुलाब जामुन का भी स्वाद चख सकते हैं। इसके अलावा कचौड़ी, ब्रेड पकोड़े का स्वाद भी नहीं भूला पाएंगे।

चौधरी दी हट्टी

चौधरी दी हट्टी भी अपनी बेड़मी पुरी के लिए खासी प्रसिद्ध है। यह दुकान प्रीतम सिंह और बलवंत सैनी, दो भाइयों ने 1963 में शुरू की थी। यहां की बेड़मी पुरी का साइज सामान्य बेड़मी पुरी के साइज से बड़ा होता है। यह दुकान यमुनापार के कृष्णा नगर में है, जहां लाल क्वार्टर हैं।


यहां की मार्केट में आर्य समाज मंदिर के पास यह दुकान है। देखने में यह दुकान पुरानी है, लेकिन यहां भी लोग नाश्ते के लिए यहीं आते हैं। ज्यादातर लोग बेड़मी पुरी का ही ऑर्डर देते हैं। इसके अलावा फैमिली के लिए भी पैक करा ले जाते हैं। यहां खाने पीने की कई वैरायटी हैं, लेकिन जिस तरह से ज्यादातर लोग बेड़मी पुरी को तरजीह देते हैं, उसे देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि बेड़मी पुरी ही इस दुकान की पहचान है। यह दुकान सुबह 7 बजे से लेकर रात 11 बजे तक खुली रहती है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story