Arvind Kejriwal: दिल्ली में आप की हार पर बोले अरविंद केजरीवाल, 'भगवान जो करता है, अच्छा करता है'

Arvind Kejriwal alleges Modi government
X

आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए। 

Arvind Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को हो रही परेशानी के बारे में बात करते हुए रेखा सरकार पर हमला बोला। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता बीजेपी सरकार से परेशान हो चुकी है।

Arvind Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आप विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में हुई पार्टी की हार पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वे भगवान पर विश्वास करते हैं और भगवान जो करता है, अच्छे के लिए करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दिल्ली की जनता पुरानी सरकार यानी आम आदमी पार्टी की सरकार को याद करने लगी है। अगर आज चुनाव करा दिए जाएं, तो आम आदमी पार्टी सारी सीटों पर चुनाव जीत जाएंगे।

दिल्ली में तीन बार आम आदमी पार्टी की सरकार आई थी, उसे हटाकर सत्ता में बीजेपी की सरकार आई है। बीजेपी के कामकाज की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में छह महीने से बीजेपी सरकार है। मैं भगवान में बहुत यकीन करता हूं, वो जो करता है, अच्छे के लिए करता है। छह महीने में इन्होंने दिल्ली को ऐसा कर दिया है कि दिल्ली के अंदर, शायद भगवान यही दिखाना चाहता था कि आम आदमी पार्टी की सरकार कितनी अच्छी है। आज जनता पुरानी सरकार को याद कर रही है। उन्होंने कहा कि मेरे पास काफी लोग आते हैं, जो कहते हैं कि आज चुनाव हो जाएं, तो आप वाले 70 में से 60 सीटें जीत जाएंगे।

उन्होंने बिजली कटौती को लेकर रेखा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आज लुटियंस दिल्ली में भी पांच-पांच बार लाइट जाती है। 10 साल से बिजली नहीं गई थी। सारे इंवर्टर वालों की दुकानें बंद हो गई थीं। अब उनकी दुकानें दोबारा खुल गई हैं। मैं लुटियंस दिल्ली में रहता हूं, जिसके थोड़ी ही दूर पर पीएम का घर और राष्ट्रपति भवन है। मेरे घर में 5-5 बार बिजली जाती है। कभी आधे घंटे के लिए, तो कभी एक घंटे के लिए बिजली कट जाती है। अब तो वो लोग बिजली की सब्सिडी खत्म करने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली लुटियंस में ये हाल है, तो पूरी दिल्ली का क्या हाल होता होगा? बिजली काटी जा रही है। बच्चों के स्कूल की फीस बढ़ा दी गई है। सड़कें टूटी पड़ी हैं। सीवर जाम पड़े हैं। पानी की किल्लत से लोग परेशान हैं। दिल्ली सरकार ने गरीबों का जीना हराम कर रखा है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 15 सालों में कांग्रेस का जो हाल हुआ है, वो बीजेपी सरकार ने दिल्ली का 6 महीने में ही कर दिया। इनकी सरकार को हटाने का 5 साल बाद ही जनता को मौका मिलेगा। उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस के बीच समझौता होने का भी आरोप लगाया और कहा कि जनता कह रही है कि आम आदमी पार्टी के इतने सारे नेता गिरफ्तार हो गए लेकिन कांग्रेस का एक भी नेता गिरफ्तार क्यों नहीं हुआ?

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story