Arvind Kejriwal Birthday: AAP ने गिनवाईं अरविंद केजरीवाल की 9 उपलब्धियां, आलोचकों ने खोया 'धैर्य'

Arvind Kejriwal Birthday
X

अरविंद केजरीवाल को मिल रही जन्मदिन की शुभकामनाएं। 

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का आज जन्मदिन है। सुबह से उन्हें जन्मदिन की बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। आप ने भी उनकी शान में कसीदें पढ़े हैं, लेकिन आलोचक तंज कस रहे हैं।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का आज जन्मदिन है। उनके जन्मदिन पर सुबह से ही शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला जारी है। खास बात है कि आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल की 9 उपलब्धियां गिनवाईं हैं। इन उपलब्धियों के बारे में बताने से पहले बताते हैं कि आप के वरिष्ठ नेताओं ने केजरीवाल के जन्मदिन पर क्या शुभकामनाएं दी हैं।

मनीष सिसोदिया ने संघर्ष के दिन याद किए

दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए आंदोलन की तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने लिखा, 'मेरे मित्र, भाई और गुरु अरविंद केजरीवाल जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर करे आप हमेशा स्वस्थ, मजबूत और अडिग रहें…क्योंकि आपका होना सिर्फ एक नेता का होना नहीं, बल्कि करोड़ों आम लोगों की उम्मीद का होना है। एक शिक्षित, समर्थ और सशक्त भारत की उम्मीद का होना है।

संजय सिंह ने ऐसे दी जन्मदिन की बधाई

आप से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, 'संघर्षों की भट्टी में तपकर निकलने वाले नेतृत्वकर्ता। जाति-धर्म की राजनीति को स्कूल अस्पताल की राजनीति में बदलने वाले कुशल नेता। हर मुश्किल वक़्त का मुकाबला जज्बे और जुनून के साथ करने वाले भाई अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं।

भगवंत मान ने बताया क्रांतिकारी नेता

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल को क्रांतिकारी नेता बताया है। उन्होंने लिखा, 'देश की राजनीति को नई दिशा देने वाले क्रांतिकारी नेता और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक बड़े भाई अरविंद केजरीवाल जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको हमेशा उत्तम स्वास्थ्य और जनता की सेवा करते रहने की शक्ति प्रदान करें।' राघव चड्ढा ने भी अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं, लेकिन अभी तक आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय की पोस्ट सामने नहीं आई है।

आप ने गिनवाईं ये 9 उपलब्धियां

आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर अरविंद केजरीवाल को क्रांतिकारी बताते हुए उनके सफर की 9 पड़ाव और उपलब्धियां साझा की हैं। पहली तस्वीर में लिखा है कि 1968 को जन्माष्टमी के दिन भिवानी में पैदा हुआ भारत का लाल। दूसरी तस्वीर में लिखा है, 1989 में देश की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी IIT से बने इंजीनियर। तीसरी में लिखा, नौकरी छोड़कर 1992 में मदर टेरेसा के एनजीओ में बने वॉलंटियर। चौथी तस्वीर में लिखा, 1995 में यूपीएससी पास कर IRS ऑफिसर बने। पांचवीं तस्वीर में लिखा, भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए 1999 में बनाया परिवर्तन एनजीओ।

छठी तस्वीर में लिखा है कि 2006 में आरटीआई के संघर्ष के लिए मिला रैमेन मैग्सेसे अवॉर्ड। सातवीं तस्वीर पर लिखा, 2010 में भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू किया जन लोकपाल आंदोलन। आठवीं तस्वीर पर लिखा, 2012 में बनाई आम आदमी पार्टी, 3 बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बने। और 9वीं तस्वीर में लिखा कि 2022 में दिल्ली के बाद जीता पंजाब, दस साल में बनी राष्ट्रीय पार्टी। हालांकि बता दें कि आम आदमी पार्टी भले ही केजरीवाल की शान में कसीदें पढ़ रही है, लेकिन आलोचक इस पोस्ट पर शराब घोटाला, शीशमहल, स्कूल घोटाला से जुड़ी मीम्स और तस्वीरें साझा कर तंज भी कस रहे हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story