Yamuna: अमित शाह ने यमुना स्वच्छ करने का दिया मंत्र, सीएम रेखा गुप्ता ने जताया आभार

amit shah
X

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की फाइल फोटो

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यमुना के पुनर्जीवन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बैठक में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता समेत दिल्ली सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

नई दिल्ली में शुक्रवार को यमुना सफाई एवं पुनर्जीवन की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए यमुना के पुनर्जीवन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में केंद्रीय शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता समेत दिल्ली सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यमुना को स्वच्छ करने के लिए एक्शन मोड पर कार्य करना होगा। दिल्ली सरकार को इंडस्ट्रियल इकाइयों से बढ़ रहे प्रदूषण पर सख्ती से नकेल कसना होगा। उन्होंने कहा कि यमुना नदी में दिल्ली के अलावा हरियाणा, यूपी से भी अपशिष्ट के साथ ही केमिकल आ रहा है। इन तीनों राज्यों को मिलकर यमुना को स्वच्छ करना होगा। डेयरी और गोशालाओं से उत्पादित अपशिष्ट भी यमुना को प्रदूषित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड से मिलकर इन अपशिष्ट पर नकेल कसने की दिशा में प्रभावी कार्य करने होंगे। दिल्ली में अनाधिकृत डेयरियों का भी सही प्रबंधन होना चाहिए। उन्होंने नजफगढ़ और शाहदरा के मुख्य ड्रेनों में बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड को सुधारने पर भी बल दिया।

एसटीपी की क्षमता बढ़ाई जाए

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने दिल्ली के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि साल 2028 तक इन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाकर 1500 एमजीडी हो जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कई जलाशय हैं। इन जलाशयों की मदद से पानी को अधिक से अधिक मात्रा में संग्रह किया जाना चाहिए। इसके अलावा, दिल्ली के 'हर घर जल' के उद्देश्य को पूरा करने के लिए भी आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।

'यमुना पुनर्जीवन को नई दिशा मिलेगी'

सीएम रेखा गुप्ता ने केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से यमुना स्वच्छ करने को लेकर दिए गए मूल्यवान सूझावों के लिए आभार जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज गृह मंत्रालय में आयोजित यमुना पुनर्जीवन पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ। अमित शाह जी ने जिस दृरदृष्टि और दृंढ़ संकल्प के साथ यमुना स्वच्छता मिशन को गति देने के निर्देश दिए हैं, उसके लिए मैं ह्रदय से आभार प्रकट करती हूं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हर घर के लिए जलापूर्ति सर्वे जैसे ठोस सुझावों से निश्चित ही यमुना पुनर्जीवन को नई दिशा मिलेगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story