Flood in Delhi: ओखला बैराज के सभी गेट खोले गए, क्या बाढ़ से बच जाएगी दिल्ली?

Okhla Barrage opened
X

ओखला बैराज के सभी गेट खोले गए। 

दिल्ली में यमुना के जलस्तर ने खतरनाक के निशान को पार कर लिया था। ऐसे में ओखला बैराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं। खास बात है कि हथिनीकुंड बैराज से भी अच्छी खबर सामने आई है।

यमुना नदी में आए उफान के चलते दिल्ली पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यमुना बाजार के रिहायशी क्षेत्रों में डेढ़ फुट तक पानी जमा हो गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने आज बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर भरोसा दिलाया कि बाढ़ जैसी स्थिति नहीं आएगी और आई तो लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। सीएम की ओर से दिए गए इस भरोसे के कुछ समय बाद ही ओखला बैराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली में लोहे के पुराने पुल पर यमुना के जलस्तर ने 205.33 मीटर के खतरनाक चिंह्न को पार कर लिया था। ऐसे में ओखला बैराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं। उधर, दिल्ली के लिए एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हथिनीकुंड बैराज पर यमुना का जलस्तर घटकर 53011 क्यूसेक पर पहुंच गया है, जबकि रविवार को इसका जलस्तर 1 लाख 78 हजार 996 क्यूसेक तक पहुंच गया था।

ऐसे में केवल हरियाणा के यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत समेत दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया था। अब चूंकि हथिनीकुंड बैराज में जलस्तर कम हुआ है और ओखला बैराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं, लिहाजा उम्मीद जताई जा सकती है कि सीएम रेखा गुप्ता के दावे के अनुरूप दिल्ली के लोगों को 2023 की बाढ़ जैसी स्थिति का सामना नहीं करना होगा।

आज भी कई इलाकों में भारी बारिश

दिल्ली में आज भी कई इलाकों में मुसलाधार बारिश हुई। इसकी वजह से सड़कों पर भारी मात्रा में पानी जमा हो गया, जिसकी वजह से यातायात संचालन प्रभावित रहा। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी ऐसा ही सिलसिला जारी रहेगा। लेकिन, 22 और 23 अगस्त को दिल्ली में तेज बारिश हो सकती है। दिल्ली के तापमान की बात करें तो आज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 97 प्रतिशत के आसपास रही।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story