Delhi-Haryana Mausam: दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम, हरियाणा में तापमान से मिलेगी राहत

Delhi-Haryana Mausam: दिल्ली-एनसीआर में लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में लोगों को दिन में तेज धूप से जूझना पड़ता है, तो रात के समय आंधी-तूफान के साथ बारिश का सामना करना पड़ता है। हालांकि बारिश होने से गर्मी से राहत मिल जाती है। पिछले दिनों हुई बारिश से राजधानी दिल्ली के तापमान में काफी गिरावट हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार यानी 26 मई को दिल्ली में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाएं 30-40 किमी की रफ्तार से चलेंगी। इसके चलते दिल्ली में आज सबसे ज्यादा तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम?
एनसीआर के शहरों में मौसम की बात करें, तो 26 मई को गाजियाबाद में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके अलावा नोएडा में 26 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान बारिश होने की काफी कम संभावना है। इसके चलते नोएडा में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।
वहीं, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 26 मई को इन दोनों शहरों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हालांकि तापमान से राहत नहीं मिलेगी। आज गुरुग्राम और फरीदाबाद में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा में बीते दिनों हुई बारिश और आंधी-तूफान के चलते तापमान में थोड़ी गिरावट हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी के प्रकोप से राहत मिली है। बीते रविवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान 40 से नीचे दर्ज किया गया। हरियाणा मौसम विभाग के मुताबिक, 26 मई को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है। साथ ही इन जिलों में तेज आंधी और तूफान के साथ बिजली गिर सकती है। इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर शामिल हैं।
रविवार को सबसे गर्म रहा भिवानी
पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश की वजह से हरियाणा में लोगों को तापमान से बड़ी राहत मिली है। बीते रविवार को हरियाणा का भिवानी जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहां पर तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद में 35.2 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ सिटी में 34.5, पंचकूला में 33.5, सिरसा में 33 और महेंद्रगढ़ में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
