YEIDA: यमुना सिटी में बनाए जाएंगे 9 नए पुलिस थाने, महिला थाना और साइबर पुलिस भी प्रस्तावित, कौन करेगा निर्माण?

9 नए पुलिस थाने बनाएगी यीडा
YEIDA: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) में बढ़ती प्लॉट बिक्री और विकास परियोजनाओं के साथ ही आने वाले समय में बढ़ती भीड़ को देखते हुए नौ नए थाने बनाने की योजना है। इन थानों का निर्माण खुद प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा। इस बारे में प्राधिकरण ने पुलिस विभाग से पत्राचार किया है।
बता दें कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म सिटी, नोएडा एयरपोर्ट के साथ ही कई राज्यीय, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। इतना ही नहीं कई ग्रुप हाउसिंग परियोजनाएं हैं, जहां वर्तमान समय से ही लोग रह रहे हैं। वर्तमान समय में यीडा क्षेत्र में सेक्टर 18, 25 और 29 के साथ ही दयानतपुर गांव में कुल 4000 वर्ग मीटर में थाने बने हैं। रण्हेरा गांव में 1000 वर्ग मीटर में पुलिस चौकी बनी है। इसके अलावा सेक्टर-32 में 12770 वर्ग मीटर जमीन पर एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वाड) और कमांडो ट्रेनिंग सेंटर है।
वहीं अब शहर में नया महिला थाना और साइबर अपराध पुलिस थाना बनाने का प्रस्ताव है। इन सभी थानों के लिए साल 2021 से 2024 के बीच ही जमीन आवंटित की जा चुकी है। हालांकि अब तक निर्माण नहीं हुआ है। अब यमुना प्राधिकरण ने जरूरत के अनुसार, सेक्टरों में थानों का निर्माण कराने का फैसला लिया है। इसे लेकर पुलिस कमिश्नरेट से पत्राचार किया गया है।
प्राधिकरण ने इन थानों के प्रस्ताव को बोर्ड की बैठक में मंजूरी दे दी थी। इन थानों के लिए जमीन भी प्राधिकरण को ही मुहैया करानी थी। लेकिन यहां थाने बनाने की जिम्मेदारी पुलिस को दी गई थी। हालांकि पुलिस ने अब तक शहर में एक भी नए थाने की नींव नहीं रखी।
यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में नया शहर आकार ले रहा है। यहां देश-विदेश से प्रतिनिधिमंडल जमीन की तलाश और निवेश के लिए पहुंच रहा है। ऐसे में उद्यमियों और निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थानों का निर्माण स्वयं कराने का फैसला लिया गया है।
