Delhi News: पतंग लूटने को भागा 7 साल का मासूम, खुले नाले में गिरने से मौत

नाले में डूबने से बच्चे की मौत।
Delhi News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में एक 7 साल का बच्चा पतंग लूटने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वो खुले नाले में गिर गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान चलाया। हालांकि देर शाम अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य रोक दिया गया। 16 अगस्त की सुबह होते ही बच्चे की खोजबीन दोबारा शुरू की गई। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी पुलिस और बचाव दल बच्चे को बचा पाने में नाकामयाब रहे। दोपहर में बचाव टीम को बच्चे का शव बरामद हुआ है।
बता दें कि नाले से बच्चे का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल भेजा गया। इस मामले में वेलकम पुलिस टीम ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ये घटना लकड़ी मार्केट पुलिया के पास हुई। यहां पर एक 7 साल का लड़का खेल रहा था। शाम को बच्चे के नाले में गिरने की सूचना मिली थी। पता चला कि एक लड़का पतंग का पीछा करते हुए नाले में गिर गया। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचना दी गई। स्थानीय गोताखोरों एवं अग्निशमन विभाग के कर्मियों की मदद से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि देर शाम को होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। शनिवार सुबह अतिरिक्त लोग और उपकरणों के साथ बच्चे को दोबारा से ढूंढना शुरू किया गया। दोपहर को बच्चे का शव बरामद कर लिया गया।
बीती शाम बचाव अभियान रोकने को लेकर सीलमपुर से आम आदमी पार्टी विधायक चौधरी जुबेर अहमद ने व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन रोक दिया गया, तो अन्य राज्यों के हालातों का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चा नाले में लापता है और प्रषासन सुबह होने का इंतजार कर रहा है।
