दिल्ली के बवाना में हादसा: दोस्त को डूबता देख 3 लड़कों ने नहर में लगाई छलांग, 4 की मौत

प्रतीकात्मक तस्वीर
Delhi News: राजधानी दिल्ली में गुरुवार दोपहर के समय बड़ा हादसा हो गया। बवाना के मुनक नहर में कुछ बच्चे नहाने के लिए गए थे। इस दौरान नहर की धारा तेज होने के चलते वे सभी डूबने लगे। पुलिस के मुताबिक, दो लड़कों के शव बरामद हो गए हैं। इसके अलावा बाकी दो बच्चों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि चारों दोस्त नहर में नहाने के लिए उतरे थे। इस दौरान उनमें से एक गहरे पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने के चक्कर में अन्य 3 लड़के भी डूब गए।
4 लड़कों के शव बरामद
बीते गुरुवार को गोताखोरों ने नहर में डूबे 4 लड़कों में से 2 का शव बरामद किया था। वहीं, बाकी 2 लडकों की तलाश करने के लिए शुक्रवार को फिर से गोताखोर नहर में उतरे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे तक गोताखोरों ने बचे अन्य दो लड़कों को शव बरामद किया।
पीड़ित परिवार ने लगाए आरोप
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिजनों ने इस घटना की जानकारी दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को दी। इसके बावजूद डेढ़ घंटे बीत जाने के बाद भी सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं हो पाया।
दोस्त को बचाने के लिए नहर में कूदे
वहीं, घटनास्थल पर जावेद के पिता ने बताया कि वह कटेवरा स्थित गौशाला में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके 2 बेटे जावेद और सावेज भी उनके साथ गौशाला में ही रहते हैं। आज सुबह करीब 11 बजे उनके दोनों बेटे मवेशियों के लिए चारा लेने गए थे। उन्होंने बताया कि जावेद और सावेज के साथ रहने वाले लड़के समद और सुहैल भी उनके साथ आए थे। वे सभी नहर में नहाने लगे। इसी दौरान उनमें से कोई एक डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए सभी नहर में कूद गए।
