Delhi Water Crisis: दिल्ली में दूर होगी पानी की किल्लत, 3 नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की तैयारी, जानिए कहां बनेंगे?

Delhi Water Supply Issue: दिल्ली में आबादी के साथ ही पानी की समस्या भी बढ़ती जा रही है। आए दिन लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है। वहीं दूसरी तरफ आबादी बढ़ने के साथ ही पानी की मांग भी बढ़ती जा रही है। वर्तमान समय में दिल्ली में 9 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट हैं, जो पानी को संशोधित कर रहे हैं। वहीं अब 3 और वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की तैयारी तेज कर दी गई है। इन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की मदद से दिल्ली के लोगों को सही मात्रा में पानी मिलने की उम्मीद है। दिल्ली जल बोर्ड के सीनियर ऑफिसर ने इस बात की जानकारी दी है।
इन जगहों पर लगाए जाएंगे नए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट
अगर ये 3 नए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बनते हैं, तो हर दिन 235 मिलियन गैलन ट्रीटेड पानी मिलने लगेगा। इससे पानी की समस्या से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। बता दें कि ये वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़, छतरपुर और इरादत नगर में लगाए जाएंगे। इरादत नगर और छतरपुर में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 80 एमजीडी होगी। वहीं नजफगढ़ में बनने वाले पानी ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 75 एमजीडी होगी। इन प्लांट्स को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की बांधों से भी पानी मुहैया कराया जाएगा।
यमुना में अमोनिया बढ़ने से जलापूर्ति में बाधा
दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, शहर में अभी 2.5 करोड़ आबादी है। अगर हर व्यक्ति प्रतिदिन 50 लीटर पानी खर्च करता है, तो रोजाना 1250 एमजीडी पानी की जरूरत होती है। हालांकि अभी जलापूर्ति 990 एमजीडी से कम है। शहर में अभी 9 वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट हैं। इनसे लगभग 1000 एमजीडी पानी की आपूर्ति होती है। हालांकि कुछ समय से यमुना में अमोनिया की मात्रा बढ़ने से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में बाधा आई थी, जिसके कारण जलापूर्ति में भी बाधा आई थी। इसे देखते हुए नए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने से पानी की दिक्कत से राहत मिलेगी।
