टोक्यो पहुंचे सीएम साय: दुनिया की प्रतिष्ठित आईटी कंपनी NTT के CEO से की मुलाकात, निवेश पर हुई चर्चा

टोक्यो में सीएम साय ने एनटीटी लिमिटेड के CEO से की मुलाकात
रायपुर। विदेश दौरे पर गए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को टोक्यो में जापान की प्रतिष्ठित कंपनी एनटीटी लिमिटेड के CEO से मुलाकात की। सीईओ कायो इतो से मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में डिजिटल और उन्नत आईटी निवेश पर दोनो के बीच चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि, NTT दुनिया के टाप 10 आईटी सेवा क्षेत्र के अग्रणी संस्थानों में से एक है। यह संस्थान 50 से अधिक देशों में कार्यरत है। इस कंपनी के बारे बताया जाता है कि, यह सबसे बड़े डेटा सेंटर नेटवर्क्स में से एक है। इस मुलाकात से छत्तीसगढ़ में निवेश की प्रबल संभावनाएं बनती दिख रही हैं।

सीएम साय ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा
एनटीटी लिमिटेड के CEO से मुलाकात के बाद सीएम श्री साय ने अपने एक्स पर पोस्ट कर जिखा है कि, टोक्यो में मेरी मुलाक़ात एनटीटी लिमिटेड, जापान की सीईओ सुश्री कायो इतो से हुई है। उनकी यह कंपनी 90 बिलियन डॉलर के रेवेन्यू के साथ आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल समाधानों में अग्रणी है। श्री साय ने लिखा है कि, इस अवसर पर उनसे छत्तीसगढ़ में डिजिटल और उन्नत आईटी तथा तकनीक-आधारित निवेश पर चर्चा हुई।

सांस्कृतिक रिश्तों और व्यापारिक साझेदारी को मजबूती
शाम को भारत के जापान में राजदूत सिबी जॉर्ज द्वारा आयोजित औपचारिक रात्रिभोज में मुख्यमंत्री श्री साय और प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। इस अवसर पर हुई चर्चा में इंडो-पैसिफिक देशों को उद्योग और व्यापार के माध्यम से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया गया। इसमें आर्थिक स्थिरता, व्यापारिक सुरक्षा, पारिस्थितिकीय संतुलन और औद्योगिक वृद्धि की अहम भूमिका को रेखांकित किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जापान की उन्नत तकनीक और भारत के कुशल जनशक्ति के संयोजन से व्यापक औद्योगिक सहयोग की संभावनाएँ हैं। उन्होंने सांस्कृतिक संबंधों को प्रोत्साहित करने और छत्तीसगढ़ को जापानी पर्यटकों के लिए आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया।
