सीतागांव पहुंचे सीएम साय और डिप्टी सीएम: समाधान शिविर में की बड़ी घोषणाएं, नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प

Sushasan Tihar, CM Vishnu Deo Sai, Mohla Manpur Ambagarh Chowki distric
X

सीएम विष्णुदेव साय मोहला-मानपुर, अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम सीतागांव आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुए

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सीतागांव समाधान शिविर में विकास की सौगातें दीं और 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प दोहराया।

एनिशपुरी गोस्वामी- मोहला। छत्तीसगढ़ के बीहड़ और दूरस्थ नक्सल प्रभावित क्षेत्र सीतागांव में शुक्रवार 16 मई को समाधान शिविर आयोजित किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकास और सुशासन की सौगात दी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलवाद का पूर्ण सफाया करना है।

समाधान शिविर में 8 ग्राम पंचायतें शामिल
समाधान शिविर में सीतागांव, मदनवाड़ा, कारेकट्टा, हलांजुर, हुरेली, कंदाडी, कोहका और हलोरा ग्राम पंचायतों को क्लस्टर के रूप में शामिल किया गया। मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से सीधा संवाद कर योजनाओं का लाभ, उनकी समस्याएं और सुझावों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री का संबोधन
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि अभी पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार 2025 मनाया जा रहा है। हमारी सरकार को कार्यभार संभाले डेढ़ वर्ष हुआ है, इस दौरान हमने निरंतर जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं का प्रभाव और लाभ का आकलन किया है। इस सुशासन तिहार में अब तक 40 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुई हैं, जिनका निराकरण अधिकारियों द्वारा दूसरे चरण में 20 दिनों तक किया गया। वर्तमान में समाधान शिविरों के तीसरे चरण का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हमारी सरकार बिना पूर्व सूचना के किसी भी क्षेत्र में पहुंचकर चौपाल लगाकर जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रही है। यह सरकार पारदर्शिता और जनभागीदारी की भावना से कार्य कर रही है।


मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए 15 हजार विशेष मकानों की स्वीकृति दी गई है। महतारी वंदन योजना का लाभ सभी पात्र बहनों को दिया जा रहा है, और जिनके नाम नहीं जुड़े हैं उन्हें शीघ्र जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की है। जमीन रजिस्ट्री के साथ अब नामांतरण की प्रक्रिया भी स्वतः पूर्ण होगी। हक त्याग अब सिर्फ 500 रुपए में हो जाता है। प्रदेश के 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसे आगामी एक वर्ष में सभी ग्राम पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि नया रायपुर में स्थापित आदिवासी संग्रहालय जनजातीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री की घोषणाएं

  1. शिविर के दौरान मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की:
  2. सीतागांव उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत किया जाएगा
  3. मोहला में नया बस स्टैंड और छात्रावास का निर्माण
  4. सीगांव हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल के रूप में उन्नयन
  5. अंबागढ़ चौकी में 132 केवी सब स्टेशन की स्थापना

हितग्राहियों को लाभ

  1. समाधान शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को सामग्री और लाभ वितरित किए:
  2. मत्स्य विभाग द्वारा मछली जाल वितरण
  3. खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड वितरण
  4. प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत खुशियों की चाबी सौंपना
  5. स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाभ और स्वच्छता दीदियों का सम्मान
  6. पेंशन योजना और मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरण
  7. सरकार का नक्सलवाद पर सख्त रुख

मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उत्तर से दक्षिण तक नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। सीएम ने कहा कि नक्सलवाद अब अपने अंत की ओर है और सरकार का लक्ष्य मार्च 2026 तक इसे पूरी तरह समाप्त करना है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए समाधान शिविरों का आयोजन गंभीरता से किया जा रहा है। आवेदन लेकर उनकी जांच कर, मौके पर निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि रजिस्ट्री के साथ स्वतः नामांतरण, हक त्याग की सरल प्रक्रिया और महिलाओं के लिए योजनाएं सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती हैं।

जवानों के साथ किया भोजन
समाधान शिविर के दौरान मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने सीतागांव बेस कैंप में आईटीबीपी और पुलिस जवानों के साथ बैठकर भोजन किया और तीन घंटे से अधिक समय तक आम लोगों के बीच रहे। यह संवाद और सहभागिता सरकार की जनभागीदारी और पारदर्शिता की मिसाल बनी।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, कलेक्टर तूलिका प्रजापति, एसपी वाईपी सिंग, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, पूर्व संसदीय सचिव संजीव शाह भी उपस्थित थे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story