भाजपा नेताओं को शिवप्रकाश की दो टूक: संगठन को मजबूत करने के लिए ही काम करें

भाजपा नेताओं को शिवप्रकाश की दो टूक : संगठन को मजबूत करने के लिए ही काम करें
X

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश 

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि, आप कितने भी बड़े पद पर हों, आपको बनाने वाला संगठन ही है। इसलिए आपका सबसे पहला काम संगठन को मजबूत करना है।

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों, सांसदों के साथ प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, निगम, मंडल, आयोग, मोर्चा, प्रकोष्ठ और जिलाध्यक्षों की कार्यशाला में दो टूक कहा, आप कितने भी बड़े पद पर हों, आपको बनाने वाला संगठन ही है। इसलिए आपका सबसे पहला काम संगठन को मजबूत करना है। इसके लिए ही काम करें। नए पदाधिकारियों को पूरी लगन तथा मेहनत के साथ काम करके संगठन को और मजबूत करना है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने भी संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, आने वाले विधानसभा चुनाव में फिर से भाजपा की सरकार बनाने की दिशा में अभी से काम करना है।

प्रदेश भाजपा संगठन में मंडल से लेकर प्रदेश स्तर बड़े बदलाव के बाद पहली बार भाजपा की बड़ी बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रखी गई। इस बैठक में वैसे तो मंडल अध्यक्षों को भी बुलाया गया था, लेकिन बाद में राष्ट्रीय नेताओं के निर्देश पर मंडल अध्यक्षों को नहीं बुलाया गया। यह तय किया गया कि जिलाध्यक्षों को कार्यशाला में प्रशिक्षण दिया जाएगा तो वे अपने-अपने जिलों में जाकर मंडलों में कार्यशाला कर उनको जानकारी देंगे।

विपक्ष झूठ फैलाने वाली एजेंसी : नितिन नवीन
भाजपा प्रदेश प्रभारी व बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नवीन ने कार्यशाला में मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल की भूमिका और विमर्श निर्माण पर प्रकाश डालते हुए कहा, हमको जो जिम्मेदारी मिली है, उसे नई टीम के साथ पूरी ताकत से करना है और इन मंचों से पार्टी की विचारधारा एवं सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करना है। हमारा यह दायित्व है कि सरकार और पार्टी की दैनिक गतिविधियों को जनता तक हम नियमित रूप से पहुंचाकर सरकार और पार्टी के बारे में जनता में सकारात्मक धारणा को बढ़ाते हुए विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही झूठी बातों का तथ्यात्मक खंडन करें। श्री नवीन ने कहा, विपक्ष झूठ फैलाने वाली एक एजेंसी मात्र है।


योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं : किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। प्रदेशभर में भाजपा की ऊर्जावान टीम है और सभी अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा, हमारे कार्यकर्ता आपस में मिलकर संगठन को और मजबूत करेंगे। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा, पंच परिवर्तन भारतीय समाज को अगले कुछ वर्षों में दिशा देने वाले हैं। सामाजिक समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता एवं नागरिक कर्तव्य इन पंच परिवर्तनों को जीवन में उतारकर कार्य करना है।

अगले चुनाव के लिए अभी से जुटें : साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लोकप्रिय मुख्यमंत्री होने पर सभी ने बधाई दी तो उन्होंने कहा, यह सिर्फ मेरे अकेले के कारण संभव नहीं हुआ है। आप सबके प्रयास से हम सरकार चलाने में सफल हो रहे हैं। आज भाजपा की सरकार को जनता पसंद कर रही है तो उसके पीछे आप सबकी मेहनत है। जिस तरह से पिछले चुनाव में सभी के प्रयासों से भाजपा की सरकार बनी, एक बार फिर से सभी को प्रयास करके अगली बार भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का काम करना है। हमने हजार दिनों का रोडमैप तैयार कर लिया है। आप सबको इसके लिए अभी से जुटना होगा।

श्रेष्ठ राज्य है छत्तीसगढ़ः अरुण सिंह
संगठनात्मक कार्यक्रमों और लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने में छत्तीसगढ़ अग्रणी है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में सदस्यता अभियान में रिकॉर्ड सदस्य बनाने के लिए बधाई देते हुए प्रदेशभर से पहुंचे नए पार्टी पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि भाजपा सालभर काम करने वाली पार्टी है। आप सबको संगठन को और मजबूत करने का काम करना है।

संगठन को समझें और काम करें
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कहा, आप सबको संगठन को समझाना होगा। संगठन ने आपको बनाया है। आप आज जितने भी बड़े पद हैं, वह संगठन की देन है। संगठन को मजबूत करना सबकी जिम्मेदारी है। आज चाहे जो नए पदाधिकारी बने हों या फिर आप कितने भी पुराने पदाधिकारी या किसी भी पद पर हों। संगठन ही आपकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा, हमें अपने लक्ष्यों को तय करके आगामी तीन वर्षों के लिए एक सशक्त कार्ययोजना बनाने की जरूरत है। जिस दिशा में हमारा कार्यकर्ता जुट चुका है। हमारे कार्यकर्ता हमेशा एक धुरी होते हैं, जो समाज के हर वर्ग को जोड़े रहते हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story