स्वयंसेवक संघ ने मनाया गुरु पूर्णिमा: नगर के 175 स्वयंसेवकों ने किया समर्पण, संघ के उद्देश्य समेत कई विषयों पर हुई चर्चा

गुरु पूर्णिमा के कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता
श्याम किशोर शर्मा- नवापारा- राजिम। छत्तीसगढ़ के राजिम में गुरु पूर्णिमा उत्सव में स्वयंसेवकों को राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा- गुरु पूजन का उत्सव संघ के लिए केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि अत्यंत भावनात्मक और संकल्पपूर्ण आयोजन होता है। इस दौरान डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना ने संघ के उद्देश्य से भी अवगत कराया।
डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना ने संघ का उद्देश्य बताते हुए कहा- ये देश मेरा है, देश के लिए कुछ करना है। तन-मन-धन राष्ट्र के कल्याण में लगाना ही संघ का मूल भाव है। यह संगठन स्वयंसेवकों की समर्पित राशि से चलता है, यही कारण है कि संघ हमेशा ऊपर रहता है। उत्सव में डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना के अलावा जिला संघचालक प्रेमलाल साहू, नगर संघचालक और सह सनत चौधरी डॉ. के आर सिन्हा, गोपाल यादव सह प्रांत कार्यवाह और हरिओम शर्मा प्रांत कुटुंब प्रबोधन प्रमुख शामिल हुए।
समर्पण को बताया रीढ़ की हड्डी के समान
डॉ. सक्सेना ने कहा कि, संघ अपने पैरों पर खड़े होकर कार्य करता है। समर्पण राष्ट्र के लिए रीढ़ की हड्डी की तरह है। आज संघ को केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं, समय का भी योगदान चाहिए। समर्पण जीवन का स्थायी भाव बनना चाहिए। आगे कहा- मैं संघ में क्या कर सकता हूं ऐसी सोच वाले स्वयंसेवकों का निर्माण करता है। 100 वर्षों की यात्रा पूर्ण करने की ओर अग्रसर संघ अब स्वयंसेवकों से अपने आचरण, व्यवहार और संस्कार के माध्यम से समाज में योग्य परिवर्तन लाने की अपेक्षा रखता है।

पर्यावरण और स्वदेशी पर दिया बल
पूर्णेन्दु सक्सेना ने कहा, परिवारों में अच्छे संस्कार बच्चों को दिए जाएं ताकि समृद्ध राष्ट्र का निर्माण हो। समाज में बिना किसी भेदभाव और छुआछूत के सभी वर्गों को संगठित करना संघ का दूसरा आग्रह है। पर्यावरण की चिंता जताते हुए कहा कि, हमारे छोटे-छोटे आचरणों से बड़ा बदलाव संभव है। कुम्भ मेले में कपड़े की थैलियों और बर्तनों के प्रयोग से हमने पर्यावरण सुधार की दिशा में सार्थक प्रयास किया है। इसके साथ ही उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही और विदेशी वस्तुओं से दूरी बनाने का आग्रह किया।
शिक्षा और नागरिक कर्तव्यों पर भी किया मंथन
सक्सेना ने कहा कि, स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र के लिए शिक्षा के साथ नागरिक दायित्वों का पालन आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि, वे इन बातों को अपने जीवन में अपनाएं और इसी को सच्चा समर्पण मानें। पूजन समर्पण उत्सव में नगर के 175 स्वयंसेवकों ने समर्पण किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में रमेश पहाड़िया, अशोक गंगवाल, ब्रह्मदत्त शर्मा, विजय गोयल, इंद्रकुमार साहू विधायक अभनपुर, ओम कुमारी अध्यक्ष नगर पालिका संजय साहू नागेन्द्र वर्मा, भूपेंद्र सोनी, आर सिंहा, पुनीत गोस्वामी, सौरभ भांडगे , राजेश्वर पटेल, तेजेन्द्र साहू, उमा गुप्ता, डॉ एडिशन मालाकार, डॉ राम गोपाल यादव, किशोर नागवानी, राजेश छाबडा, सिंधु सेवा मंडल के कार्यकर्ताओं उपस्थित रहे।
