वोट चोरी पर सियासत: भूपेश बोले- छत्तीसगढ़ में भी किया गया खेल, ढूढ़ने पर मिलेंगे हजारों

पूर्व सीएम भूपेश बघेल
रायपुर। देशभर में वोट चोरी को लेकर विपक्ष राहुल गाँधी के नेतृत्व में सरकार को घेरने में जुटा हुआ है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी विधानसभा चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाया है। गुरुवार को उन्होंने कहा कि, वोट चोरी का मामला छत्तीसगढ़ में भी हुआ है। एक-एक विधानसभा में ढूंढेंगे तो हजारों मामले मिलेंगे। छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर वोट चोरी का खेल किया गया है।
14 अगस्त को BJP देश भर में विभाजन की विभीषिका दिवस मना रही है। इस पर पूर्व सीएम श्री बघेल ने कहा कि, सावरकर और जिन्ना ने दो राष्ट्र का सिद्धांत दिया। विभाजन के लिए कोई जिम्मेदार हैं तो BJP के पूर्वज हैं। BJP आम लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। नई पीढ़ी के सामने देशभक्ति दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। आज BJP तिरंगा यात्रा निकाल रही है, जिन्होंने 52 साल तक RSS मुख्यालय में तिरंगा नहीं फहराया।
बीजेपी बताये कितने लोगों को मिला आवास
महतारी वंदन योजना का फार्म भरने के लिए पोर्टल खुलेगा। इस पर उन्होंने कहा कि, चुनाव के पहले BJP ने कहा था कि, रेडी टू ईट महिला समूहों को देंगे। आज तक महिला समूहों को काम मिल नहीं पाया है। पहली कैबिनेट में 18 लाख आवास देने की बात कही थी। कितने लोगों को आवास मिल पाया बता दें। महतारी वंदन का फार्म चुनाव के समय तो सबको भराए। अब चुनाव निपट गए तो नाम काट रहे हैं। धीरे-धीरे नाम कटते जा रहे हैं। ताकि, लोगों को पता ना चले. जोर का झटका धीरे से लगे ऐसी उनकी कोशिश है।
