मूणत के आरोप पर बैज का पलटवार: बोले- जनता को फ्लाईओवर की जरूरत है, कमीशन वॉक की नहीं

बोले- जनता को फ्लाईओवर की जरूरत है, कमीशन वॉक की नहीं
X

पीसीसी चीफ दीपक बैज और विधायक राजेश मूणत 

पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि, पहले कांग्रेस नेताओं समर्थन दिया और फिर सरकार आने के बाद पलट गए। इस पर श्री बैज ने कहा कि, वे जनता से क्यों नहीं पूछते क्या बनना चाहिए।

रायपुर। राजधानी रायपुर में स्काईवॉक को लेकर पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि, पहले कांग्रेस नेताओं समर्थन दिया और फिर सरकार आने के बाद पलट गए। इस पर श्री बैज ने कहा कि, राजेश मूणत जनता से क्यों नहीं पूछते क्या बनना चाहिए। जनता को फ्लाईओवर की जरूरत है, कमीशन वॉक की नहीं। लोग जमीन पर नहीं चलते राजेश मूणत स्काई पर चलाना चाहते हैं।

पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता पर बीजेपी तिरंगा यात्रा निकालकर पीएम मोदी का आभार व्यक्त कर रही है। शनिवार को PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि, कांग्रेस के तिरंगा यात्रा की कॉपी BJP कर रही है। यह तिरंगा यात्रा नहीं ट्रंप की आभार यात्रा है। आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ और फिर बाद में ट्रंप के साथ व्यापार पर समझौता हो गया। BJP नेताओं ने सेना का अपमान किया है।

मूणत ने कांग्रेस पर पलटी मारने का लगाया आरोप
दरसअल, पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि, पहले तो कांग्रेस के नेताओं ने समर्थन किया और फिर सरकार बनने के बाद में मुकर गए। शास्त्री चौक से लेकर जय स्तंभ चौक और जेल चौक तक स्काई वाक का प्लान बना था। क्योंकि, शास्त्री चौक और जय स्तंभ चौक में पैदल चलने वाले लोगों के कारण जो वाहन से जाते हैं, उनको दिक्कत होती थी। उस समय इस पर पीपीटी बनाया गया। जिसके बाद तत्कालीन विधायक सत्यनारायण शर्मा, तत्कालीन महापौर किरण मई नायक, सभापति प्रमोद दुबे सभी ने सहमति जताई थी। इसके बाद भूमि पूजन किया गया और काम चालू किया गया।

सरकार बनने के बाद कांग्रेस पलटी
उन्होंने आगे कहा कि, विधानसभा सत्र में किसी भी कांग्रेस के विधायक ने इस पर कोई सवाल नहीं उठाया था। स्काईवॉक पर सरकार ने स्काईवॉक का डिटेल्ड सर्वे किया। सरकारी दफ्तरों को स्काईवॉक से जोड़ने का प्रयास किया गया। 8 जगहों पर एस्केलेटर का प्रावधान किया गया। DKS, मेकाहारा अस्पताल को जोड़ने का प्रयास किया गया। सेफ्टी, दुकानों में मेंटेनेंस का प्रावधान स्काईवॉक में किया गया। वर्ष 2018 में सरकार बदल गई और कांग्रेस के मित्रों ने कहा कि, स्काईवॉक नहीं बनना चाहिए। इसमें PWD ने कोई आदेश नहीं निकाला। तात्कालिक CM भूपेश बघेल ने तीन- तीन जांच कमेटी बैठा दी। रायपुर के तात्कालिक कलेक्टर एस भारतीदासन ने जांच के बाद कहा भी कि, स्काईवॉक पूरा करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया। 2024 तक एजेंसी का टेंडर कैंसिल नहीं किया गया।

कांग्रेस को पहले टेक्निकल रिपोर्ट पढ़नी चाहिए
सीएम विष्णुदेव साय के सामने डिप्टी सीएम अरुण साव ने स्काईवॉक पर डिटेल्ड रिपोर्ट दिया। जिसके बाद बचे हुए 37 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति जारी हुई है। कांग्रेस नेताओं को कुछ समझ नहीं आता, कुछ भी बोल रहे हैं। कांग्रेस को पहले टेक्निकल रिपोर्ट पढ़नी चाहिए। कई लोगों ने उपयोग के सुझाव दिए हैं। लेकिन कई लोगों ने स्काईवॉक का पॉलिटिकल उपयोग किया। भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस को जनता ने हराया। बीजेपी के काम की पद्धति पर जनता को विश्वास है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story