नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के नाम की लड़ाई: दो महीने बाद भी नहीं है बदला, अभी भी संदीप साहू का नाम है अंकित

नगर निगम, रायपुर
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नगर निगम में अब तक निगम नेता प्रतिपक्ष के नाम का बोर्ड नहीं बदला है। कांग्रेस ने सभापति सूर्यकांत राठौर को 2 महीने पहले पत्र लिखा है। स्वयं सभापति ने भी इस नाम की पुष्टि के लिए पीसीसी चीफ को पत्र भेजा था। बाद में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने पत्र जारी कर नाम पर स्पष्टीकरण दिया था।

जारी किए गए पत्र में निगम नेता प्रतिपक्ष के रूप में आकाश तिवारी का नाम है। यहां तक की कांग्रेस द्वारा जारी हर ऑफिशियल सूची में नए निगम नेता प्रतिपक्ष का नाम शामिल है। हालांकि, नेता प्रतिपक्ष में हुए बदलाव को लेकर कुछ पार्षदों की नाराजगी आई थी और उन्होंने इस्तीफा भी दिया था। लेकिन बाद में इस्तीफे भी वापस हो चुके थे। लेकिन नगर निगम के ऑफिशियल कक्ष के बाहर लगे बोर्ड में अभी भी संदीप साहू का नाम अंकित है।

पहले पार्षदों ने विरोध करते हुए दिया था इस्तीफा
उल्लेखनीय है कि, कांग्रेस ने 10 नगर निगमों के लिए नेता प्रतिपक्ष की सूची जारी की थी। लेकिन महीने भर के अंदर ही नेता प्रतिपक्ष को बदल दिया गया है। कांग्रेस से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले आकाश तिवारी को रायपुर नगर निगम का नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। इसके पहले संदीप साहू को जिम्मेदारी दी गई थी। इन्हें हटाकर आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष बना दिया गया है। बुधवार को जैसे ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ये लिस्ट जारी की पार्टी की अंदरुनी कलह एकबार फिर सामने आ गई और चर्चाएं शुरु हो गईं।
