शहीद के अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब: महादेवघाट में नन्हे बेटे ने दी मुखाग्नि, बिलखती पत्नी ने किया सेल्यूट, पिता के भी छलके आंसू

सीएम साय सहित मंत्रियों ने दिया शहीद के पार्थिव शरीर को कंधा
रायपुर। सुकमा IED ब्लास्ट में शहीद हुए ASP आकाश राव गिरपुंजे का अंतिम संस्कार किया गया। रायपुर के महादेव घाट मुक्तिधाम में उनके बेटे ने मुखाग्नि दी। परिजनों, पुलिस, प्रशासनिक अफसरों सहित हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
इससे पहले शहीद गिरपुंजे को माना पुलिस बटालियन में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पत्नी ने रोते हुए सलामी दी, माता-पिता बिलखते रहे। सीएम साय उनके मंत्रियों, अफसरों और हजारों लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सीएम साय, गृहमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने उन्हें कांधा दिया। फिर उनके शव को महादेव घाट मुक्तिधाम लाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।
हजारों की संख्या में मौजूद लोगों के बीच किया गया अंतिम संस्कार।
बेटी के जन्मदिन पर घर आने वाले थे आकाश
बता दें कि, 11 जून को शहीद गिरपुंजे की 6 साल की बेटी नव्या का जन्मदिन है। पूरा परिवार जन्मोत्सव की तैयारी में जुटा हुआ था। उसके पिता भी सुकमा से वापस घर आने वाले थे लेकिन वे अब ऐसी जगह जा चुके हैं जहां से लौटकर कभी नहीं आएंगे। ऐसे में बेटी नव्या का भी रो-रो कर बुरा हाल है।
मुखग्नि देता हुआ एएसपी का नन्हा बेटा।
सुकमा में हुआ IED ब्लास्ट
उल्लेखनीय है कि, सुकमा में नक्सलियों ने ठेकेदार के पोकलेन मशीन को आग के हवाले कर दिया था। ASP आकाश राव, SDOP-TI और अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे थे। इस दौरान वे नक्सलियों के प्रेशर आईईडी की चपेट में आ गए।
शहीद बेटे को अंतिम विदाई देते वक्त छलक पड़े पिता के आंसू।
बिलखते हुए पति को आखिरी बार सेल्यूट करती एएसपी आकाश राव की पत्नी।
.