मैनपाट प्रशिक्षण वर्ग को कांग्रेस ने बताया पिकनिक: सीएम साय बोले- लगातार मिल रही हार से बौखलाएं हुए हैं कांग्रेसी

सीएम विष्णुदेव साय
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मैनपाट में बीजेपी के प्रशिक्षण वर्ग का समापन बुधवार को हुआ। जिसके बाद सीएम विष्णुदेव साय शाम को राजधानी रायपुर पहुंचे। जहां उन्होंने प्रशिक्षण को कांग्रेस के पिकनिक बताने पर कहा कि, कांग्रेस परिवारवाद पार्टी है। लगातार मिली हार से ये बौखलाए हुए हैं। इनके पास कहने के लिए कुछ और नहीं है।
प्रशिक्षण को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, मैनपाट पर्यटन के दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण स्थान है। सांसद विधायकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर रहा। हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व के नेता इस प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे। 12 सत्र में अलग विषयों पर हमारे नेता और संगठन के लोगों ने व्याख्यान दिया। हमारे सभी सांसद विधायक मौजूद रहे।
प्रशिक्षण वर्ग से सांसद, विधायकों की बढ़ेगी दक्षता और कुशलता- बीजेपी अध्यक्ष सिंहदेव
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि, संगठन के विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में 12 सत्र हुए और हमें राष्ट्रीय नेताओं का मार्गदर्शन मिला। इसके साथ ही सांसद और विधायकों की भूमिका दायित्व पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण वर्ग से सांसद, विधायकों की दक्षता और कुशलता बढ़ेगी।
आम लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने में मददगार होगा प्रशिक्षण शिविर
वहीं डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि, विकसित छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में यह प्रशिक्षण मिल का पत्थर साबित होगा। प्रशिक्षण वर्ग ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण रहा। तिब्बती केंद्र में प्रशिक्षण होना ऐतिहासिक है। प्रशिक्षण बीजेपी की कार्य पद्धति का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। बीजेपी एक परिवार है। उन्होंने आगे कहा कि, गरीब कल्याण, आम लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने में यह प्रशिक्षण मददगार होगा। छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट की खूबसूरती को दुनिया ने देखा। एक स्थान पर तीन दिन रह सबने देखा बीजेपी का परिवार कैसा बनता है। प्रशिक्षण का बड़ा लाभ मिलने वाला है।
