रायगढ़ में एक और हादसा: यात्रियों से भरी बस खेत में पलटी, कई लोग घायल

घटनास्थल की तस्वीर
अमित गुप्ता - रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। जहां यात्रियों से भरी बस खेत में पलट गई। यह पूरी घटना तमनार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, तोलमा से रायगढ़ जा रही थी सितारा बस मिलुपारा और कोडकेल गांव के बीच यह घटना हुई है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस रोड से फिसलकर खेत में गिर गई। हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल तमनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। निजी उद्योगों के वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। मौके पर तमनार पुलिस पहुंची और जांच में जुट गई।
रायगढ़ जिले में यात्रियों से भरी बस खेत में पलट गई। कई यात्री घायल हुए हैं...@Raigarh #Chhattisgarh #Accident pic.twitter.com/wt4A7t8WaY
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) July 12, 2025
पावर प्लांट के पास बोलेरो डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, दो घायल
वहीं रायगढ़ जिले से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तमनार क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिंदल पॉवर प्लांट गेट के सामने एक तेज़ रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक युवक की पहचान शिव सिंह के रूप में हुई है, जो मस्तूरी थाना क्षेत्र के रिस्दा गांव का रहने वाला था। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिसके कारण ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, बोलेरो पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच में जुट गई है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
पेड़ से टकराई कार, दो की मौत, तीन घायल
अंबिकापुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे का CCTV फुटेज भी देखने को मिला है। जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। यह हादसा देर रात चठिरमा के पास हुआ। कार में 5 लोग सवार थे। हादसे में एक युवती और एक युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रुप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
