मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां शुरू: गजेंद्र, गुरु खुशवंत, राजेश और अमर के नाम की चर्चा

मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां  शुरू : गजेंद्र, गुरु खुशवंत, राजेश और अमर के नाम की चर्चा
X

दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, अंबिकापुर राजेश अग्रवाल 

राज्यपाल रमन डेका से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार तय हो गया है। इन नामों पर मुहर लग सकती है।

रायपुर। राज्यपाल रमन डेका से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार तय हो गया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यपाल से समय मांगा है। सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही तीन मंत्री शपथ लेंगे। इन तीन मंत्रियों के लिए दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और अंबिकापुर राजेश अग्रवाल का नाम लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के नाम की भी चर्चा चल रही है।

उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में राज्यपाल रमेन डेका से मिलने राजभवन पहुंचे थे। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने इस संबंध में मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत दिए हैं। सीएम साय ने मीडिया से चर्चा में कहा, इंतजार करिए, जल्द ही विस्तार होगा। उन्होंने यह भी कहा, मंत्रिमंडल का विस्तार उनके विदेश दौरे से पहले भी हो सकता है।

14 मंत्रियों का फार्मूला
साय कैबिनेट में अभी मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। छत्तीसगढ़ की तरह हरियाणा की विधानसभा में भी 90 विधायक हैं। हरियाणा में बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं। लिहाजा, हरियाणा के फॉर्मूले को छत्तीसगढ़ में भी लागू करते हुए 3 और मंत्री बनाए जा सकते हैं। छत्तीसगढ़ में राज्य बनने के बाद से 13 मंत्री ही बनते आए हैं, जबकि नियम के तहत विधयकों की संख्या के 15 प्रतिशत ही मंत्री बन सकते है। नियम के तहत 90 विधायकों में 13.5 मंत्री बन सकते हैं, इसलिए मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री भी हो सकते हैं।

21 को विदेश दौरे पर जाएंगे
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 21 अगस्त से विदेश यात्रा पर जा रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। जापान और दक्षिण कोरिया के दस दिन के प्रवास पर वहां के उद्योगपतियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक सीएम विष्णु देव साथ 21 से 31 अगस्त तक विदेश दौरे पर रहेंगे। वे जापान और दक्षिण कोरिया जाएंगे। 21 अगस्त की सुबह रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहां से वे शाम को दिल्ली से जापान के लिए रवाना होंगे। जापान के बाद मुख्यमंत्री और उनकी टीम दूसरे चरण में दक्षिण कोरिया जाएगी। वहां भी उद्योग और अधोसंरचना क्षेत्र में साझेदारी को लेकर बैठकों का आयोजन होगा। उसके बाद मुख्यमंत्री साथ 31 अगस्त की शाम को दिल्ली लौटेंगे। दरअसल छत्तसीगढ़ में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ की सरकार इस पर प्रयास कर रही है। इन दोनों ही देशों में वे उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। वे छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए उन्हें आमंत्रित करेंगे।

राज्य में निवेश बढ़ाने यह दौरा - साय
विदेश दौरे पर सीएम साय ने कहा, यह विदेश दौरा सीआईए का आयोजन है। उसमें निवेश के लिए उद्योगपतियों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में नई उद्योग नीति बनने के बाद से लगातार इन्वेस्टमेंट आ रहे हैं। राज्य में निवेश बढ़ाने को लेकर यह विदेश दौरा किया जा रहा है।

मुख्य सचिव भी रहेंगे साथ : सीएम
साय के साथ राज्य के मुख्य सचिव अमिताभजैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और उद्योग सचिव रजत कुमार भी रहेंगे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story