प्रदेश पदाधिकारियों से मिले बैस: महामंत्री जैन, मार्कण्डेय और बजाज से संगठन के सुदृढ़ीकरण पर हुई चर्चा

जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने महामंत्री यशवंत जैन, नवीन मार्कण्डेय और कार्यालय मंत्री अशोक बजाज से मुलाकात की
गोपी कश्यप- नगरी। भारतीय जनता पार्टी के धमतरी जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने राजधानी रायपुर में भाजपा प्रदेश संगठन के महामंत्री यशवंत जैन, नवीन मार्कण्डेय और कार्यालय मंत्री अशोक बजाज से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी। साथ ही धमतरी जिले में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए विस्तारपूर्वक चर्चा की।
प्रकाश बैस ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी का मूल बल संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की निष्ठा है। कार्यकर्ता ही पार्टी की आत्मा हैं, और संगठनात्मक सुदृढ़ता से ही पार्टी अपने राजनीतिक और सामाजिक उद्देश्यों को प्राप्त कर सकती है। उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि धमतरी जिला संगठन बूथ स्तर तक सक्रियता और मजबूती के साथ कार्य कर रहा है तथा आगे भी संगठन को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

कार्यकर्ता ही पार्टी की शक्ति : जैन
प्रदेश महामंत्री श्री जैन ने इस अवसर पर कहा कि, भाजपा संगठनात्मक रूप से दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। इसकी शक्ति गाँव-गाँव, वार्ड-वार्ड और बूथ-बूथ पर कार्यरत कार्यकर्ताओं से आती है। उन्होंने प्रकाश बैस को जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को और सशक्त बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया और विश्वास जताया कि धमतरी का संगठन प्रदेश स्तर पर एक सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
धमतरी में कार्यकर्ताओं का बड़ा नेटवर्क : मार्कण्डेय
प्रदेश महामंत्री श्री मार्कण्डेय ने कहा कि, धमतरी जिला संगठन के पास कार्यकर्ताओं का बड़ा नेटवर्क है, जिसे और अधिक प्रशिक्षित एवं सक्रिय बनाकर आने वाले चुनावों में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने संगठन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।

बजाज ने बैस की पहल को सराहा
कार्यालय मंत्री श्री बजाज ने प्रकाश बैस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि, संगठनात्मक संवाद और समन्वय ही सफलता की कुंजी है। प्रदेश और जिला स्तर पर इस प्रकार की निरंतर बैठकों और चर्चाओं से संगठन की जड़ें और गहरी होंगी। इस दौरान धमतरी जिले के भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर दुबे और नागेंद्र शुक्ला भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने संगठन की मजबूती के लिए अपने विचार रखते हुए कहा कि बूथ सशक्तिकरण, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और आम जनता तक पार्टी की नीतियों को पहुँचाना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
जनसंपर्क मजबूत करने पर बल
मुलाकात के दौरान भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसमें विशेष रूप से बूथ स्तर पर संगठन विस्तार, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, सोशल मीडिया के माध्यम से जनसंपर्क मजबूत करने, तथा पंचायत से लेकर नगरीय निकाय चुनावों तक के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने जैसे विषय शामिल रहे।
चुनाव जीतना ही लक्ष्य नहीं : बैस
प्रकाश बैस ने अंत में कहा कि, धमतरी जिला संगठन का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना ही नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग तक भाजपा की विचारधारा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश नेतृत्व के संकल्पों को पहुँचाना है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व को आश्वस्त किया कि धमतरी का संगठन पूरी मजबूती से पार्टी के लक्ष्य और दृष्टि को मूर्त रूप देने के लिए कार्य करेगा।
