गौरेला में एक और मूर्ति विवाद: अटल जी की मूर्ति को लेकर कलेक्टर से शिकायत, मापदंडों पर उठाए सवाल

अटल बिहारी बाजपेयी जी की प्रतिमा
आकाश पवार - पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में गौरेला नगर पालिका परिषद में मूर्ति विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अजीत जोगी विवाद के बीच अब पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेई की मूर्ति से जुड़ा विवाद सामने आया है।
गौरेला में निर्माणाधीन अटल परिसर में लगाई जा रही पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी जी की प्रतिमा को लेकर खुद भाजपा नेता और नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने मोर्चा खोल दिया है। कलेक्टर को लिखित पत्र सौंपकर शिकायत किया है कि, स्व. अटल बिहारी वाजपेई जी की प्रतिमा निर्धारित मापदंड के अनुसार नहीं है। प्रतिमा की उंचाई कम है, अब इस मामले ने नगर पालिका के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चलने की बात सामने ला दी है।
पेंड्रा जिले में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अजीत जोगी विवाद के बीच अब पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेई की मूर्ति से जुड़ा विवाद सामने आया है...@GPM_DIST_CG #Chhattisgarh pic.twitter.com/E8pfSffaHL
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 2, 2025
मूर्ति को लेकर भाजपा नेताओं में नाराजगी
दरअसल, गौरेला नगर पालिका के वार्ड नंबर 10 में दत्तात्रेय पहाड़ी और कलेक्टर बंगले के बीच मुख्य रोड के किनारे करीब 30 लाख की लागत से अटल परिसर की स्थापना की जा रही है। इसके भूमिपूजन के समय भाजपा नेता काफी उत्साहित दिखाई दे रहे थे। पर अब जब इस परिसर का निर्माण पूर्णता की ओर है, तो इसको लेकर भाजपा नेताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
मापदंड के अनुसार सही नही है मूर्ति
नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने कलेक्टर को लिखित शिकायत कर आरोप लगाया है कि, अटल बिहारी बाजपेयी जी की मूर्ति जो स्थापित की गई है। वो लंबाई और वजन में तकनीकी मापदंड के अनुसार सही नही है। प्रावधान के अनुसार धातु से बनाई जाने वाली इस मूर्ति की लंबाई 7 फीट और उसके पैडेस्टल की उंचाई 9 इंच होनी चाहिए और वजन 810 किलो होना चाहिए।
विवाद में सीएमओ पर लगे आरोप
शिकायत है कि, लंबाई काफी कम रखी गई है जो देखने में भी काफी कम लग रहा है। वहीं वजन को लेकर भी भाजपा नेताओं को आपत्ति है। ऐसे में इस मूर्ति को निर्धारित मापदंड के अनुसार बनाए जाने को लेकर मोर्चा खोल दिया गया है। जहां नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे दावे के साथ कह रहे हैं कि, अटल बिहारी बाजपेयी जी की प्रतिमा का वजन और लंबाई दोनों में ही मापदंड का पालन नहीं किया गया है। जबकि सीएमओ नारायण साहू शिकायत के प्राप्त होने की बात स्वीकारते हुए कह रहे हैं कि, मापदंड का पालन तो किया गया है। पर यदि किसी को शिकायत है तो इसकी जांच कराकर सुधार किया जाएगा। पहले श्री जोगी की प्रतिमा के मामले में भी सीएमओ पर आरोप लगे थे अब फिर नए विवाद में सीएमओ पर आरोप लग रहे हैं।
