36 लाख के इनामी 5 नक्सली गिरफ्तार: बड़ी मात्रा में हथियार बरामद, कई वारदातों में थे शामिल

पुलिस की गिरफ्त में नक्सली
सुमित बड़ाई- पखांजूर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने हथियार के साथ 36 लाख के 5 इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें से दो नक्सली नाबालिग बताए जा रहे हैं। यह कार्रवाई सी 60 और CRPF की संयुक्त टीम ने की है। नक्सलियों के पास से बड़ी संख्या में हथियार जब्त किए गए हैं। यह मामला महाराष्ट्र गढ़चिरौली के भामरागढ़ थाना क्षेत्र का है।

हफ्ते भर पहले 5 महिला समेत 14 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
उल्लेखनीय है कि, हफ्ते भर पहले सुकमा में 5 महिला समेत 14 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। इन सभी नक्सलियों के ऊपर 16 लाख का इनाम था। शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर इन्होने सीआरपीएफ कैम्प में आत्मसमर्पण किया। वहीं नारायणपुर जिले में 5 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इस दौरान सरेंडर करने वाले जोनल डॉक्टर डिप्टी कमाण्डर और एलओएस सदस्य सहित 5 माओवादियों ने समाज की मुख्य धारा में जुड़ने की शपथ ली है। सभी नक्सली कुतुल और इन्द्रावती एरिया कमेटी अन्तर्गत सक्रिय थे। वर्ष 2025 में नारायणपुर अन्तर्गत अब तक कुल 97 बड़े/छोटे कैडर के माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।
सभी पर थे लाखों के इनाम
नक्सल उन्मुलन अभियान और अति संवेदनशील अंदरूनी क्षेत्रों में लगातार कैम्प स्थापित किया जा रहा है। जिसके कारण नक्सलियों में भय का माहौल बना हुआ है। इसी भय के चलते नक्सली अब मुख्य धारा की ओर रुख कर रहे हैं। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में दसरी ध्रुव जोन डॉक्टर टीम डिप्टी कमाण्डर, ईनामी 2 लाख, छन्नू गोटा, नेलनार एलओएस सदस्य, ईनामी 1 लाख, ज्योति वड्डे उर्फ कुटके, जनमिलिशिया सदस्य ईनामी 1 लाख, सीता वड्डे, इन्द्रावती एलओएस सदस्य, ईनामी 1 लाख, इरपे उर्फ सुनीता वड्डे, इन्द्रावती एलओएस सदस्य ईनामी 1 लाख शामिल है।
