रायपुर। छत्तीसगढ़ की छोटी-बड़ी सभी खबरें रोजाना हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'सीजी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और छत्तीसगढ़ की हर खबर से अपनी जानकारी बढ़ाएं।
गुरुवार की बड़ी खबरें
जगदलपुर दौरे पर रहेंगे सीएम साय : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जगदलपुर जाएंगे। सीएम साय सुबह 10.30 बजे एयरपोर्ट से जगदलपुर रवाना होंगे। इस दौरान वे विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही वे पीजी कॉलेज मैदान में आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा जगदलपुर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शाम 4.35 बजे जगदलपुर से रायपुर लौटेंगे।
धान खरीदी का सिलसिला जारी : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला निरंतर जारी है। प्रदेश में अब तक 90.07 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। जिसके एवज में 18.12 लाख किसानों को 20 हजार करोड़ का भुगतान हुआ है। किसानों को धान बेचने के लिए 25 जनवरी तक टोकन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा धान का उठाव भी तेजी से हो रहा है। अब तक 61 लाख मीट्रिक टन धान उठाव का डीओ जारी हुआ है। वहीं 34.61 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव हो चुका है।
एक बार फिर बढ़ी ठंड : छत्तीसगढ़ में जनवरी की शुरुआत में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। प्रदेश में उत्तर की ओर से ठंडी और शुष्क हवाएं आ रही है। वहीं मौसम विभाग की माने तो प्रदेश के उत्तर में दो दिनों से शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। आज भी कई जगहों पर छाया घना कोहरा रहेगा। वहीं प्रदेश में जगदलपुर की रात सबसे ठंडी रही है। यहां का पारा 6.6 डिग्री तक गिरा। जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से नीचे चला गया है।










