दिलीप वर्मा- तिल्दा-नेवरा। तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। छछानपहरी के आगे बंजारी मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर दो दोपहिया वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भिंभौरी निवासी लोकनाथ धीवर अपनी मां को बाइक (क्रमांक CG04 LT 5740) पर बैठाकर आ रहा था। जैसे ही वह छछानपहरी के पहले बंजारी मंदिर के पास मुख्य सड़क पर पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे दोपहिया वाहन (क्रमांक CG04 QP 8609) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी।
दूसरे वाहन चालक को आई मामूली चोटें
टक्कर इतनी भीषण थी कि, लोकनाथ धीवर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में उसकी मां को भी पैर सहित अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, जबकि दूसरे वाहन चालक को मामूली चोटें आई हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। गंभीर रूप से घायल लोकनाथ ने अपनी मां के सामने ही दम तोड़ दिया, जिससे मौके का माहौल बेहद भावुक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।