एजेंसियां जिसे ढूंढ रहीं, वह अस्पताल में : भाजपा ने टामन सिंह की तस्वीर शेयर की 

BJP shared the picture of Taman Singh
X
भाजपा ने टामन सिंह की तस्वीर शेयर की
सीजीपीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। बीजेपी प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने अपने अकॉउंट X लिखा कि "FIR के बाद इसे CBI की गिरफ्तारी से बचने की जुगत कहें?  

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सीजीपीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी की तबीयत ख़राब हो गई है और वे एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी फोटो को भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर कटाक्ष किया है। बीजेपी प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने अपने अकॉउंट X लिखा कि "FIR के बाद इसे CBI की गिरफ्तारी से बचने की जुगत कहे या फिर ? बहरहाल PSC घोटाले का मास्टर माइंड टामन सोनवानी आजकल हम लोगों के पोस्ट अस्पताल से इस अंदाज में मजे लेकर पढ़ रहे- कुछ दिन और"।

बेड पर लेटे टामन सोनवानी
बेड पर लेटे टामन सोनवानी

उल्लेखनीय है कि, तत्कालीन सीजीपीएससी चेयरमैन टामन सोनवानी के खिलाफ बालोद के अर्जुंदा और EOW में FIR दर्ज है। जिसके बाद से वो गायब बताये जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस समेत 3 एजेंसियां उनकी तलाश कर रही है। CGPSC घोटाले में 3 बड़ी सरकारी एजेसियां जांच में जुटी हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में सबसे पहले EOW ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू भी कर दी है। चयन में गड़बड़ी के को लेकर बालोद पुलिस ने नामजद FIR दर्ज की है। पूरे मामले में CBI भी एक्शन में है। CBI ने शासन से दस्तावेज मांगे हैं। दावा किया जा रहा था कि जल्द ही पूर्व चेयरमैन सोनवानी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा, लेकिन अब जानकारी मिल रही है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है।

फर्जी तरीके से चयन का आरोप

बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान सीजीपीएससी में घोटाले का बड़ा आरोप लगाया था। सीजीपीएससी 2021-22 की सिलेक्शन लिस्ट विवादों में है। परीक्षा में आयोग के तत्कालीन चेयरमैन, कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों के रिश्तेदारों के सिलेक्शन का आरोप है। एससी के तत्कालीन चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी के बेटे, बहू, पुत्री और अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। इनके अलावा कांग्रेसी नेता, अधिकारी, कर्मचारी और प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदार भी थे। जिनके सलेक्शन को लेकर पूरा मामला सामने आया था।

आय से अधिक संपत्ति अर्जन का आरोप

धमतरी के सरबदा गांव में टामन सिंह सोनवानी का आलीशान बंगला, फॉर्म हाउस, 30 एकड़ से ज्यादा जमीन और खेती-बाड़ी है। बड़ी-बड़ी गाड़ियां, पोल्ट्री फार्म, मत्स्य और सुअर पालन का भी कारोबार है। 8वीं तक इंग्लिश मीडियम स्कूल है। छात्रों को लाने, ले-जाने के लिए कई बसें है। जामगांव में टामन की एक कॉलेज भी है। रायपुर, धमतरी, अंबिकापुर, दुर्ग और जशपुर जिले में घर और जमीन हैं। इनमें से कई संपत्तियां टामन सोनवानी ने चेयरमैन पद पर रहते हुए खड़ी की हैं। ये संपत्तियां पत्नी, बेटी, बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर खरीदी गई हैं।

हाईकोर्ट ने लगाई है रोक

सीजीपीएससी की 2021-22 की सिलेक्शन लिस्ट विवादों में घिरी है। आरोप है कि भर्ती में फर्जीवाड़ा और भाई-भतीजावाद किया गया है। हाईकोर्ट ने जनहित याचिका दायर होने के बाद 13 नियुक्तियों पर रोक भी लगा दी थी। सीजीपीएससी 2021 में 171 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। प्री-एग्जाम 13 फरवरी 2022 को कराया गया। इसमें 2565 अभ्यर्थी पास हुए थे। इसके बाद 26, 27, 28 और 29 मई 2022 को हुई मेंस में 509 अभ्यर्थी पास हुए। इंटरव्यू के बाद 11 मई 2023 को 170 अभ्यर्थियों की सिलेक्शन लिस्ट जारी हुई थी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story