Logo
बतौली में मिठाई व्यवसायी राजेश गुप्ता के घर चोरों ने खिड़की तोड़कर करीब 5 लाख रुपये नगद और जेवर चोरी कर लिए, लगातार चोरियों से इलाके में दहशत।

आशीष कुमार - बतौली / सरगुजा। छत्तीसगढ़ के बतौली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीती रात चोरों ने राजेश स्वीट्स के संचालक राजेश गुप्ता के घर को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख रुपये नगद और जेवरात की चोरी कर ली। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

खाना खाने गया था परिवार, लौटे तो टूटा मिला ताला
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9 बजे राजेश गुप्ता अपने परिवार के साथ घर से बाहर खाना खाने गए थे। लगभग 10 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर के अंदर से आवाज सुनाई दी और सामने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। शक होने पर उन्होंने तुरंत घर को बाहर से बंद कर दिया, जिससे दो चोर अंदर ही फंस गए।

खिड़की तोड़कर भाग निकले चोर

तोड़-फोड़ कर खिड़की से भाग निकले चोर
कुछ देर बाद घर के अंदर मौजूद चोरों ने जोर-जोर से तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे घबराकर राजेश गुप्ता और उनका परिवार घर से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस बीच चोरों ने खिड़की तोड़कर घर से भागने में कामयाबी हासिल कर ली और नगद व जेवरात समेत लगभग 5 लाख रुपये की चोरी कर फरार हो गए।

रातभर चली पुलिस की तलाश
सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में जांच शुरू की। पुलिस ने रात भर चोरों की तलाश में खोजबीन की, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

लगातार चोरियों से इलाके में दहशत
इस घटना के बाद बतौली क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब अगर कोई आधा घंटा भी घर से बाहर जाता है, तो चोरी का डर बना रहता है। लोगों का यह भी मानना है कि चोर पहले से ही घर की रेकी कर रहे थे, क्योंकि इससे पहले भी इसी घर में चोरी की घटना हो चुकी है।

पहले की घटनाएं भी नहीं सुलझीं
बतौली में हाल के दिनों में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। योगेश क्लॉथ और जय माता दी एग्रो में हुई लाखों की चोरी के मामलों का भी अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। अब राजेश गुप्ता के घर हुई इस बड़ी चोरी के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय व्यापारी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि नगर में लोग भयमुक्त होकर रह सकें।

5379487