नौसाद अहमद - सूरजपुर। जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
बिहार से अंबिकापुर आ रही थी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस नंबर CG-06 GV- 0729 बिहार की ओर से अंबिकापुर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान लटोरी चौकी क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी ट्रक नंबर CG-07 CJ-2971 से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दर्जन भर यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर
इस हादसे में लगभग एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 4 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)