सूरजपुर जिले के कल्याणपुर में हाथी के हमले से युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर चक्का जाम किया। प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हुआ।

नौसाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के कल्याणपुर में एक दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। हाथी के हमले में एक युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। जिससे इलाके में घंटों तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

घर लौट रहे ग्रामीण पर हाथी का हमला
दरअसल, बीते बुधवार देर शाम कोटबहरा निवासी केशव राम अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना एक हाथी से हो गया। हाथी ने युवक पर हमला कर उसे बुरी तरह पटक-पटक कर मार डाला। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कई घंटों तक चला प्रदर्शन
ग्रामीण मृतक परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे। कई घंटों तक प्रशासन की समझाइश के बावजूद जब प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ, तब मौके पर एसडीएम शिवानी जायसवाल पहुंचीं और स्थिति को संभाला।

मृतक की पत्नी को मिली नौकरी और 6 लाख रुपये मुआवजा
प्रशासन की ओर से मृतक की पत्नी को वन विकास समिति के तहत मासिक वेतन पर नौकरी, तत्काल सहायता राशि और 6 लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर सड़क जाम खोल दिया।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)