विधायक भूलन सिंह मरावी के निवास पहुंचे सीएम साय : आरती उतार कर और पांव पखार कर किया गया स्वागत, मुख्यमंत्री ने दी बधाई 

MLA Bhool Singh Marawis wife washes the feet of CM Vishnudev Sai
X
सीएम विष्णुदेव साय के पैर पखारती विधायक भूलन सिंह मरावी की धर्म पत्नी
सीएम विष्णुदेव साय विधायक भूलन सिंह मरावी के निवास पहुंचे। जहां पारम्परिक तरीके से आरती उतार कर और पांव पखार कर उनका स्वागत किया गया। भूलन सिंह मरावी के जन्म उत्सव के साथ उनके बच्चे के नामकरण संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय विधायक भूलन सिंह मरावी के निवास पहुंचे। जहां पारम्परिक तरीके से आरती उतार कर और पांव पखार कर उनका स्वागत किया गया। भूलन सिंह मरावी के जन्म उत्सव के साथ उनके बच्चे के नामकरण संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधायक भूलन सिंह मारावी और उनकी धर्मपत्नी को केक खिलाकर जन्म दिन की बधाई दी। जिसके बाद विधायक भूलन सिंह ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

माथमौर गाँव पहुंचे थे सीएम साय

उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को अचानक भरतपुर के माथमौर गाँव पहुंचे। मध्यप्रदेश की सीमा से लगा यह गांव आदिवासी बाहुल्य है। हेलीकॉप्टर की आवाज़ सुनकर दौड़कर पहुंचे ग्रामीण अपने बीच सीएम को पाकर प्रसन्नता से उनके चेहरे खिल उठे। क्षेत्र में हॉस्पिटल की सुविधा नहीं होने की जानकारी मिलने पर जल्द ही अंचल में 100 बिस्तर अस्पताल बनवाने की घोषणा सीएम साय ने की है।

ग्रामीणों ने किया स्वागत

ग्रामीणों ने आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया। कुछ महिलाओं ने पेड़ों से ताजे फूल तोड़कर तात्कालिक रूप से गुलदस्ता तैयार किया और मुख्यमंत्री को भेंट किया। इस सजीव स्वागत ने गाँव की सादगी और मुख्यमंत्री के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाया। मुख्यमंत्री ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारों के साथ अपनी बात की शुरुआत की, जिससे माहौल देशभक्ति और मातृभूमि के सम्मान से ओत प्रोत हो गया।

योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानने निकले हैं सीएम

इस दौरे का मुख्य उद्देश्य शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करना और आम जनता से सीधे संवाद स्थापित करना था। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, सुझावों को गंभीरता से लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। एक भावनात्मक क्षण तब आया जब मुख्यमंत्री श्री साय ने गांव के सरपंच को अपने पास बिठाया, यह दर्शाता है कि राज्य सरकार गाँव के नेतृत्व और पंचायत व्यवस्था को कितना सम्मान देती है। यह दौरा प्रदेश सरकार की जन केंद्रित नीति और गांव-गरीब-किसान के हित में प्रतिबद्धता का स्पष्ट संकेत है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story