नौशाद अहमद - सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के गंगौटी गांव में आज एक अनोखी और सालों पुरानी परंपरा देखने को मिली। यहां पूरे गांव के लोग एक साथ नहर में मछली पकड़ने पहुंचे। इस सामूहिक आयोजन में गांव के बुजुर्ग, महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी उत्साह के साथ शामिल हुए।
सालों से निभाई जा रही अनोखी परंपरा
गंगौटी गांव में यह परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। हर साल एक तय दिन पर गांव के लोग एक साथ नहर में उतरकर मछली पकड़ते हैं। इस दौरान गांव का माहौल उत्सव जैसा हो जाता है और सभी लोग मिलजुलकर इस परंपरा को निभाते हैं।
बुजुर्गों से बच्चों तक सभी की भागीदारी
इस सामूहिक आयोजन में गांव के हर वर्ग के लोग शामिल होते हैं। बुजुर्गों से लेकर महिलाएं, युवा और बच्चे तक नहर में उतरकर मछली पकड़ते नजर आते हैं। इससे गांव में आपसी मेलजोल और भाईचारे की भावना और मजबूत होती है।
परंपरा से मजबूत होता है भाईचारा
गांव के जनपद सदस्य और भैयाथान जनपद पंचायत के सभापति राजू गुप्ता ने बताया कि यह परंपरा गांव में एकता और सामाजिक संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब पूरे गांव के लोग एक साथ इस तरह के आयोजन में शामिल होते हैं, तो आपसी भाईचारा और अपनापन बढ़ता है। यह दृश्य देखकर मन प्रसन्न हो जाता है।
परंपरा को आगे भी जीवित रखने का संकल्प
राजू गुप्ता ने सभी ग्रामवासियों को इस आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले समय में भी इस तरह की परंपराओं को जीवित रखना जरूरी है, ताकि गांव की संस्कृति और सामाजिक एकता बनी रहे।