लीलाधर राठी - सुकमा। छत्तीगसढ़ के सुकमा जिले के कलेक्टर अमित कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत और निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर अमित कुमार, एसपी किरण चव्हाण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुकुन्द ठाकुर और डीएफओ अक्षय भोंसले के द्वारा जनपद पंचायत कोंटा के अंतिम छोर के ग्राम पंचायत निमलगुड़ा, किस्ताराम, गोलापल्ली और करिगुंडम का दौरा कर जमीनी हकीकत के बारे में जाना है।
चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों से सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों और हितग्राहियों से सीधे संवाद किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मिलने वाली किस्तों के प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे हितग्राहियों के खातों में राशि भुगतान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई और समय पर आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही उन्होंने पूछा कि पीएम आवास निर्माण में किश्त की राशि डालने या स्वीकृत करने के लिए कहीं कोई पैसा तो नहीं मांगता।
आवास प्लस 2.0 के हितग्राहियों को आश्वासन
चौपाल के दौरान जिन हितग्राहियों का आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण में नाम शामिल किया गया है, उन्हें आगामी दिनों में आवास प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजना का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
समय पर आवास पूर्ण करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिले तथा स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया जाए।