युवती के प्रेम में पागल एक युवक प्रेमिका को आकर्षित करने तथा उसे बुलेट में सैर कराने की चाह में चोर बन गया। युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बुलेट चोरी की। 

रायपुर। युवती के प्रेम में पागल एक युवक प्रेमिका को आकर्षित करने तथा उसे बुलेट में सैर कराने की चाह में चोर बन गया। युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बुलेट चोरी की। प्रेमी युवक को पुलिस ने बाइक चोरी करने के आरोप में 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर  लिया। जिस युवक ने बुलेट चोरी की है, वह पेशे से ढोलक वादक है और उसका दोस्त मोबाइल दुकान में काम करता है। 

गिरफ्तार दोनों युवक का अब तक किसी तरह से कोई क्रिमिनल रिकार्ड नहीं है। बुलेट चोरी करने के आरोप में पुलिस ने ऋषि शुक्ला तथा रोहितेश चंद्राकर को गिरफ्तार किया है। ऋषि मंदिर में अपने पिता के साथ ढोलक बजाने का काम करता है। ऋषि का पिता मंदिर में पूजा करने के साथ ही कथावाचक है। 

प्रेमिका को घूमने बाइक की चोरी 
ऋषि ने पुलिस को बताया है कि, वह एक युवती से प्रेम करता है। अन्य प्रेमी की तरह वो भी अपनी प्रेमिका को महंगी बाइक में सैर कराना चाहता था। इसीलिए उसने अपने मित्र के साथ बुलेट चोरी करने का प्लान बनाया। इसके बाद ऋषि ने अपने दोस्त के साथ मिलकर कमल विहार में योगेश बांदे के घर के बाहर खड़ी बुलेट चोरी की।  

बाइक लॉक खोलने का तरीका यू-ट्यूब से सीखा 
ऋषि का पुराना क्रिमिनल रिकार्ड नहीं है और न ही वह अपराधिक प्रवृत्ति का है। ऐसे में उसे बाइक का लॉक कैसे खोलते हैं, इस बात की जानकारी नहीं थी। अपने प्रेमिका के प्यार में पागल ऋषि अपनी प्रेयसी को हर हाल में खुश करने किसी भी हद तक जाने के लिए आतुर था। इसके लिए उसने यू-ट्यूब के माध्यम बाइक का लॉक खोलने का तरीका सीखा और बुलेट चोरी कर अपनी प्रेमिक को इंप्रेस कर पाता, इसके पहले वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)