सीतापुर में अधोसंरचना मद से गांव में सीसी रोड निर्माण हेतु स्वीकृत राशि सरपंच ने गबन कर लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। 

अनिल उपाध्याय- सीतापुर। अधोसंरचना मद से गांव में सीसी रोड निर्माण हेतु स्वीकृत राशि सरपंच ने गबन कर लिया। सरपंच ने बीते साल निर्माण कार्य के नाम पर अधोसंरचना मद का लाखों रुपए आहरण कर लिया पर काम शुरू नही कराया। दफ्तरों तक सिमटे विभागीय अधिकारियों ने भी राशि आहरण के बाद सरपंच पर निर्माण कार्य शुरू कराने को लेकर कभी दबाव नही बनाया। 

राशि आहरण के काफी दिनों बाद भी जब निर्माण कार्य शुरू नही हुआ। तब ग्रामीणों ने सरपंच पर सीसी रोड बनाने का दबाव बनाया लेकिन सरपंच पर ग्रामीणों के दबाव का कोई असर नही हुआ। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सरपंच पर अधोसंरचना मद का लाखों रुपए गबन करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने विकास कार्य की आड़ में शासन के पैसों की हेराफेरी करने वाले सरपंच के विरुद्ध जांच की मांग की है।

16 लाख की लागत से दो सीसी रोड का होना था निर्माण 
मिली जानकारी अनुसार, सन 2024-25 में अधोसंरचना मद से ग्राम पंचायत सोनतराई में 16 लाख की लागत से दो सीसी रोड निर्माण किया जाना था। जिसके लिए शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई थी। उक्त दोनों निर्माण कार्य ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग की देखरेख में ग्राम पंचायत सोनतराई के भुलसीटिकरा में किया जाना था। सरपंच ने विभागीय अधिकारियों द्वारा की जाने वाली औपचारिकता के बाद प्रथम किश्त की राशि आहरित कर लिया था। दो सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए सरपंच ने प्रथम किश्त के रूप में 3 लाख 20 हजार 3 लाख 20 हजार कुल 6 लाख 40 हजार रुपये आहरण कर लिए थे। 

पैसे निकालने के बाद भी नहीं करवाया काम 
सरपंच द्वारा राशि आहरण करने के बाद ग्रामीणों को पूरा भरोसा था कि अब सीसी रोड का काम शुरू हो जायेगा। लेकिन बीते वर्ष राशि आहरण करने के बाद भी जब सरपंच ने काम शुरू नही कराया तब ग्रामीण सरपंच के नियत पर सवाल उठाने लगे। जब भी बैठक होती ग्रामीण निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाते जिसका जवाब देने के बजाए सरपंच कन्नी काटकर निकल लेता था। इस दौरान राशि जारी करने के बाद विभागीय अधिकारियों ने भी सीसी रोड निर्माण कार्य का सुध लेना उचित नही समझा। जिससे सरपंच का मनोबल बढ़ता चला गया और निर्माण कार्य अधर में पड़ गया।

ग्रामीणों  ने की जांच की मांग 
गांव के विकास के प्रति सरपंच की उदासीनता देखा ग्रामीण भड़क उठे। उन्होंने सरपंच के विरुद्ध मोर्चा खोलते गांव के विकास में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगा कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने सरपंच पर अधोसंरचना मद के लाखों रुपए गबन करने का आरोप लगा जांच की मांग की है। 

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)