रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड अंतर्गत ग्राम खौना धान उपार्जन केंद्र में 229.60 क्विंटल धान शॉर्टेज मिला है। 

रायपुर। रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड अंतर्गत ग्राम खौना धान उपार्जन केंद्र में 229.60 क्विंटल धान शॉर्टेज मिला है। इस मामले में खाद्य विभाग और सहकारिता विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की है।जांच में शॉर्टेज की पुष्टि हुई है।

इस जांच रिपोर्ट के आधार पर अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठोर ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित सिलयारी के प्रबंधक को पत्र लिखकर इस मामले में समिति प्रबंधक के विरुद्ध पवन कुमार देवांगन के विरुद्ध 3 दिन के भीतर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

लगभग आधा दर्जन उपार्जन केंद्रों में धान शॉर्टेज
विभागीय सूत्र से पता चला है कि जिले में लगभग आधा दर्जन उपार्जन केंद्र और है, जहां भौतिक सत्यापन के दौरान धान का शॉटेज मिला है। इन उपार्जन केंद्रों में 20 से 70 क्विंटल धान का शॉटेज मिला है, लेकिन इन उपार्जन केंद्र समितियों के विरुद्ध अब तक कोई जांच नहीं की गई है।

कार्रवाई के निर्देश दिए हैं
रायपुर के खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि, जांच प्रतिवेदन के आधार पर खौना उपार्जन केंद्र समिति प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए अपर कलेक्टर ने सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा प्रबंधक को निर्देश दिए हैं।

भौतिक सत्यापन में गड़बड़ी उजागर
जिले के उपार्जन केंद्रों में शेष धान का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इस सत्यापन के दौरान ग्राम खौना उपार्जन केंद्र में 229.60 क्विंटल धान शॉर्टेज पाया गया। धान का शॉर्टेज मिलने पर इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई। इसमें खाद्य निरीक्षक शैलेंद्र एक्का, शुभा गुप्ता एवं सहकारिता विस्तार अधिकारी शशांक बल्लेवार शामिल किए गए। टीम ने जांच में पाया कि 15 नवंबर से 2 फरवरी तक किसानों से समर्थन मूल्य पर कुल 48826 क्विंटल बोरी में 1 लाख 22 हजार 65 धान की खरीदी की। इसकी तुलना में समिति ने मिलर्स के माध्यम से कुल 48576.22 क्विंटल बोरी में 1 लाख 21 हजार 441 बोरी धान का उठाव कराया है। शेष 249.60 क्विंटल धान बोरी में 624 का उठाव होना बाकी है, लेकिन भौतिक सत्यापन में सिर्फ 50 बोरी धान शेष पाया गया। इस तरह समिति स्तर पर कुल 229.60 क्विंटल बोरी में 574 बोरी धान कम मिला है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)