एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शिक्षा विभाग में चल रहे भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई की और खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) नरेंद्र जांगड़े को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

देवराज दीपक- सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शिक्षा विभाग मंं चल रहे कथित भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) नरेंद्र जांगड़े को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई बिलासपुर ACB टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से की गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।

रुके वेतन के एवज में मांगी गई थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, मार्च महीने का लंबित वेतन जारी करने के लिए दो शिक्षकों से 5-5 हजार रुपए मांग की गई थी। इस पर एक शिक्षक, निरंजन बरिहा ने ACB से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया।

दराज में पैसे रखते ही टीम ने मारा छापा
गुरुवार को जैसे ही शिकायतकर्ता शिक्षक पैसे लेकर बरमकेला स्थित कार्यालय पहुंचा और आरोपी खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र जांगड़े ने रकम लेकर अपनी दराज में रखी, पहले से मौके पर मौजूद ACB टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया।

संकुल समन्वयक की भूमिका भी संदिग्ध
इस मामले में संकुल समन्वयक संजय चौहान की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि वह रिश्वत दिलाने में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था। ACB ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ACB अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जनता से अपील: रिश्वत मांगने वालों की करें शिकायत
ACB ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत करें। बरमकेला क्षेत्र में इस तरह की यह पहली बड़ी ट्रैप कार्रवाई मानी जा रही है, जिसने प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)