राजीव लोचन साहू- सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरखापाली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि, मामला हिंसक झड़प और आगजनी तक पहुंच गया। उग्र भीड़ ने कई परिवारों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ की और वाहनों समेत घरेलू सामानों को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गोरखापाली गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश अचानक भड़क उठी। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर दूसरे पक्ष के घरों पर हमला बोल दिया।
सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के गोरखापाली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प। उग्र भीड़ ने ट्रैक्टर, पिकअप, तीन बाइक और डीजे सेट में आग लगा दी। @SaktiDistrict #Chhattisgarh pic.twitter.com/htZa8aSkzg
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 5, 2026
आगजनी की घटना को दिया अंजाम
आरोप है कि, भीड़ ने कई घरों में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान एक ट्रैक्टर, एक पिकअप वाहन, तीन मोटरसाइकिल और एक डीजे सेट जलकर खाक हो गए। आग की लपटों ने आसपास के घरों में रखे सामान को भी भारी नुकसान पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि, हमलावरों ने घरों में घुसकर महिलाओं के साथ भी मारपीट की। घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनाव व्याप्त है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंजक पटेल और एसडीओपी भुनेश्वरी पैकरा मौके पर पहुंचे। हालात को काबू में करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









