नान के गोदाम नंबर 4 से हर दिन दो गाड़ी एक फेरा ही लगा रही है। जिसके कारण कई राशन दुकानों में चावल-शक्कर का भंडारण नहीं हो पा रहा है।

रायपुर। नागरिक आपूर्ति निगम रायपुर के भनपुरी स्थित गोदाम नंबर चार से उचित मूल्य की दुकानों में चावल और शक्कर का समय पर भंडारण नहीं हो पा रहा है। इसके कारण इस गोदाम क्षेत्र अंतर्गत कई उचित मूल्य की दुकानों से हितग्राहियों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है जबकि दुकानदारों द्वारा स्टॉक खत्म होने से 7 से 10 दिन पहले ही भंडारण करने की मांग की जा रही है। 

दुकानदारों की इस मांग के बाद भी उचित मूल्य दुकानों में समय पर खाद्यान्न का भंडारण नहीं किया जा रहा है। हरिभूमि ने इस गोदाम के प्रभारी से बातचीत की तो पता चला कि गोदाम में हर दिन ट्रांसपोर्ट द्वारा मात्र दो गाड़ी ही लगाई जा रही हैं। ये दोनों गाड़ी एक बार ही फेरे लगा रही हैं, जिसके कारण सप्लाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी कई बार नागरिक आपूर्ति निगम की जिला अधिकारी को दी जा चुकी है, पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

मंदिर हसौद, धरसींवा गोदाम में भी गाड़ियों का टोटा
नागरिक आपूर्ति निगम रायपुर के मंदिर हसौद और धरसींवा गोदाम में भी गाड़ियों का टोटा रहता है। ट्रांसपोर्टर को इन गोदामों में भी जितनी गाड़ियां हर दिन लगानी है, उसके एवज में आधी से कम गाड़ियां लगाई जा रही हैं। इस कारण इन क्षेत्रों के अंतर्गत संचालित उचित मूल्य की कई दुकानों में भी चावल और शक्कर का भंडारण समय पर नहीं हो पा रहा है। परिणाम स्वरूप हितग्राहियों को इन दुकानों का बार-बार चक्कर काटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

कई दुकानों में शक्कर गायब
भनपुरी, मंदिर हसौद एवं धरसींवा क्षेत्र की कई उचित मूल्य की दुकानों में शक्कर का स्टॉक ही नहीं पहुंचा है। चावल और शक्कर का स्टॉक अलग-अलग वाहन से पहुंचाया जाता है। चावल का मंडारण करने के बाद शक्कर का मंडारण किया जाता है, लेकिन धीमी गति से किए जा रहे भंडारण के कारण शक्कर का भंडारण करने में बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। इस कारण कई हितग्राहियों को चावल ही वितरित किया जा रहा है। शक्कर के लिए उन्हें दोबारा बुलाया जा रहा है।

दुकानदार भी परेशान हितग्राहियों से हो रहा विवाद
भंडारण की समस्या ने दुकानदारों की भी परेशानी बढ़ा दी है। स्टॉक नहीं होने से हितग्राहियों की नाराजगी का शिकार दुकानदारों को होना पड़ रहा है। इन क्षेत्रों में संचालित कुछ दुकानदारों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि अगर वे इसकी शिकायत करते हैं, तो उन्हें और अधिक विलंब से चावल और शक्कर भेजा जाता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। इसलिए वे इसकी शिकायत भी नहीं करते। मंदिर हसौद की प्रभारी संगीता ने पूर्व में कई बार गाड़ियों के टोटा के कारण उचित मूल्य दुकानों में भंडारण नहीं होने की जानकारी दे चुकी हैं। गोदाम प्रभारी ने इसकी जानकारी नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी को भी दे चुकी है। फिर भी ट्रांसपोर्ट एजेंसी के विरुद्ध कोई कार्रवाई या व्यवस्था सुधारने के लिए कदम नहीं उठाया गया है।