श्यामकिशोर शर्मा- नवापारा-राजिम। क्षेत्र के सबसे बड़ा व्यापारिक एवं औद्योगिक शहर नवापारा में श्री हनुमान जी महाराज के प्राकट्योत्सव पर भक्ति, उत्साह और आस्था का अदभुत संगम देखने को मिला। पूरे शहर के हर हनुमान जी के मंदिर, हर मुहल्ले, चौक-चौराहो और घरो में विराजमान श्री हनुमान जी महाराज की पूजा अर्चना और आरती धूमधाम से किया गया।
शहर के सभी मार्ग केसरिया तोरण-पताकों से सुसज्जित थे। पूरे शहर में लाऊडस्पीकर से हनुमान जी महाराज के एक से बढ़कर एक भजन बज रहे थे। वातावरण पूरा धर्ममय था। कई जगह हनुमान चालीसा का पाठ, सुंदरकांड सहित विविध कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें बड़ी संख्या में हनुमान जी महाराज के भक्तों ने भाग लिया। बस स्टेण्ड से लेकर पूरे गंज मार्ग के मंदिरो में हलवा, पूरी, मीठा लसदार बूंदी और नारियल प्रसादी सहित केला-सेव वितरण किया गया। शहर में गुरुवार, 2 अप्रैल को श्री हनुमान जी महाराज का प्राकट्यउत्सव पूरे श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया।
सुबह से ही बहने लगी भकतिरस की धारा
सुबह की पहली किरण के साथ ही शहर के सभी हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया, जो देर रात तक भक्ति की सरिता के रूप में निरंतर बहता रहा। शहर के चप्पे-चप्पे में स्थित हनुमान मंदिरों में प्रात:कालीन अभिषेक, पूजा और आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों की आस्था का ऐसा अदभुत दृश्य देखने को मिला मानो पूरा नवापारा शहर हनुमानमय हो उठा हो। हर गली, मोहल्ला, चौक-चौराहा और मुख्य मार्ग केसरिया ध्वज, पताकाओं और तोरणों से सुसज्जित नजर आया, जिससे पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो गया।
मैडम चौक में बांटी गई प्रसादी
मंदिरों में विधि-विधान के साथ नए ध्वज चढ़ाए गए और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। शहर के सुप्रसिद्ध श्री राधाकृष्ण मंदिर स्थित श्री हनुमान जी महाराज के मंदिर परिसर में सुबह से ही विशेष धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए थे। पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच श्री हनुमान जी महाराज का अभिषेक, पूजन और आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मैडम चौक स्थित हनुमान जी के मंदिर में संध्या-आशुतोष राव भांडुलकर के नेतृत्व में धूमधाम से पूजा अर्चना और आरती तथा प्रसादी वितरण का कार्यक्रम हुआ। बस स्टेण्ड स्थित शर्मा भोजनालय के हनुमान मंदिर में भी उत्सव का विशेष आकर्षण देखने को मिला। यहां सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात आरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ भाग लिया।
देर शाम तक चला पूजा-पाठ का दौर
दिन भर चले धार्मिक आयोजनों के साथ ही भजन-कीर्तन और रामायण पाठ का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत किए गए सुमधुर भजनों ने वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया। श्रद्धालु झूमते-गाते हुए भगवान हनुमान जी की भक्ति में लीन नजर आए। इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दी, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का भी अदभुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
हर वर्ग, हर आयु के लोग इस पावन अवसर पर एक साथ नजर आए, जिससे शहर में भाईचारे और समरसता का संदेश भी प्रसारित हुआ। कुल मिलाकर, नवापारा शहर में मनाया गया श्री हनुमान जी महाराज का यह प्राकट्य उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनुपम संगम बनकर सभी के मन में भक्ति का संचार किया। हर कोई अपने परिवार के सुख समृद्धि और शांति के लिए मंगल कामना किया।