श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। छत्तीसगढ़ के राजिम में कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के द्वारा होली मिलन समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सीएम विष्णुदेव साय ने समाज के बुजुर्गों एवं ब्राह्मण समाज के द्वारा ख्याति प्राप्त विप्रजनों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, पत्रकार राजेश मिश्रा, शिरीष मिश्रा, छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द अवस्थी, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी महासचिव गौरव शर्मा का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों द्वारा सम्मान किया गया।
इस अवसर पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और यह समाज प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले लोगों को सम्मानित किया।
गोधन संरक्षण और गौसेवा को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा कि, प्रदेश में गोधन संरक्षण और गौसेवा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में राज्य में गौधाम योजना की शुरूआत की गई है। इस योजना के तहत प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध रूप से गौधाम स्थापित किए जाएंगे, जहां बेसहारा और घुमंतु गौवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य में शासकीय भूमि पर स्थापित सभी गौधाम अब सुरभि गौधाम के नाम से जाने जाएंगे। इन गौधामों में पशुपालन, हरा चारा उत्पादन तथा गोबर से उपयोगी उत्पाद तैयार करने से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे, जिससे स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
अब तक 42 हजार से अधिक भक्तों ने किया आयोध्या दर्शन
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से विशेष संबंध है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार से अधिक रामभक्तों को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए जा चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत बुजुर्गों को विभिन्न तीर्थस्थलों का दर्शन कराया गया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 की शुरूआत की गई है। इस योजना के तहत 28 लाख 42 हजार उपभोक्ताओं को 757 करोड़ रुपये से अधिक की राहत मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता मोर बिजली ऐप के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। इसके लिए राज्यभर में समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।
सीएम साय ने पदाधिकारियों को दी बधाई
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला तथा कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल के पदाधिकारियों सहित सभी आयोजकों को बधाई दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कापोर्रेशन के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, राजकुमार दीक्षित, संजय अवस्थी, नीता अवस्थी, दीपक तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्यजन उपस्थित थे।