श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। बीजेपी विधानसभा मंडल द्वारा सारागांव के कस्तूरबा ट्रस्ट भवन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान चलाया गया। प्रशिक्षण में वक्ता के रूप में नवापारा के युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन ने बूथ प्रबंधन पर कहा कि चुनाव जीतने में बूथ की भूमिका ठीक वैसी ही है, जैसी कि मकान बनाने में नींव की रहती है। नींव जितना मजबूत रहेगा, मकान उतना ही मजबूत बनेगा। इसी प्रकार बूथ जितना मजबूत रहेगा, पार्टी की उपस्थिति दमदार और जीत की संभावना प्रबल होगी।
श्री देवांगन ने कहा कि चुनाव में पार्टी प्रत्याशी अपने दम पर नहीं जीतता बल्कि बूथ कमेटी में शामिल पदाधिकारियो व सदस्यो की कड़ी मेहनत एवं स्मार्ट प्रबंधन से जीत सुनिश्चित होती हैं। यही वजह है कि बूथ कमेटियों को सशक्तता प्रदान करने के लिए बीजेपी द्वारा प्रशिक्षण महाभियान चलाया जा रहा है। क्योंकि समय के साथ प्रतिद्वंदी पार्टियां अपनी रणनीति को अपडेट करती रहती हैं, जिससे मुकाबला करने के लिए भाजपा की बूथ कमेटियों को भी अपडेट किया जाना अत्यंत अनिवार्य है। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सोचकर पूरी लगन, मेहनत व ईमानदारी से काम करता है कि उनके सहयोग से जीता हुआ प्रत्याशी पूरी ईमानदारी से जनहित में कार्य करते हुए समाज, प्रदेश व देश की सेवा करेगा। इन कार्यकर्ताओं की कोई पृथक से महत्वाकांक्षा नहीं होती। यही भाजपा कार्यकर्ताओं की विशेषता है।
शीर्ष स्तर के कार्यकर्ताओं कार्य का करते हैं आकलन
उन्होंने आगे कहा कि, वैसे भी भाजपा में पद मांगने की आवश्यकता नहीं होती, पार्टी अपने जमीन स्तर से लेकर शीर्ष स्तर के कार्यकर्ताओं पर सतत निगाह रखते हुए पार्टी के प्रति उनके योगदान का गुपचुप तरीके से आंकलन करते रहती है। वहीं वर्षों से ईमानदार अदना सा कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देने का सिलसिला सतत जारी रहता है। श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इसके प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। इन दोनों महापुरुषों की तरह आप सभी भी प्रतिष्ठा के ऐसे ही उच्च शिखरों पर पहुंच सकते हैं, लेकिन इसके लिए इन दोनों महापुरुषों की तरह देशसेवा की भावना लेकर ईमानदारी से पार्टी हित में कार्य करना होगा।
पार्टी हित में अपने बूथ को करें मजबूत
श्री देवांगन ने आगे कहा कि आप अभी से प्रण कर लें कि बिना किसी निज स्वार्थ के पूरी ईमानदारी से पार्टी हित में अपने बूथ को मजबूत बनाए रखते हुए चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की सशक्त जीत के लिए पूरे तन व मन से काम करेंगे। याद रखिए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का पूरा दारोमदार आप लोगों के हाथ में है क्योंकि देश में भाजपा की जीत आप बूथ कार्यकर्ताओं पर ही निर्भर करता है। भाजपा रहेगी तभी हमारा देश सशक्त, सुरक्षित व सक्षम रहते हुए विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को प्राप्त कर पाएंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं मातृशक्तियां प्रशिक्षण में मौजूद रही।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)